गुजरात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शिमला में जनसभा को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि बीते दिनों में भाजपा ने सिर्फ वादे किए हैं, पर सच तो ये है कि हालिया दिनों में हिमाचल में बेरोजगारी बढ़ी है। भाजपा की प्रदेश सरकार अपने किए वायदों पर खरी नहीं उतरी। सोनिया ने राज्य सरकार पर मनरेगा के पैसे का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया। सोनिया ने शिमला की जनता से भाजपा की प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मनरेगा के पैसे का कोई उपयोग नहीं किया है। उन्होंने राज्य सरकार से पूछा कि केंद्र से मिले पैसे आखिर कहां गए। गौरतलब है कि सोमवार को गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हिमाचल में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार किया था। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर कई तरह के आरोप लगाए और मनमोहन पर चुटकी भी ली। माना जा रहा था कि सोनिया अपनी रैली के दौरान मोदी द्वारा किए गए सवालों का जवाब देंगी।
लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शिमला के बाद सोनिया कांगड़ा में भी एक जनसभा को संबोधित करेंगी। शिमला में उन्होंने जहां संप्रग सरकार की पीठ थपथपाई वहीं एफडीआई पर भी जनता को अपने पक्ष में करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली के लिए ही केंद्र सरकार ने रिटेल में एफडीआई का फैसला लिया है।
इससे किसानों को अपना माल बेचने में परेशानी कम होगी और उनका मुनाफा भी बढ़ेगा। शिमला में बोलते हुए उन्होंने भाजपा नेतृत्व पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो भाजपा भ्रष्टाचार पर गला फाड़कर चिल्लाती रहती है वह खुद ही गले तक भ्रष्टाचार में डूबी है। सोनिया ने कहा विकास की राह में आज हिमाचल बहुत पीछे छूट गया है। जो विकास कार्य यहां पर जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के दौरान हुए थे उसके आगे राज्य ने विकास ही नहीं किया है।
