जनता का दुख मेरा दुख : रविंद्र रवि

मैं देहरा विस क्षेत्र को कांगड़ा ही नहीं प्रदेश का अग्रणी क्षेत्र बना कर रहूंगा तथा भरोसा दिलाता हूं कि देहरा की जनता का दुख अब मेरा दुख होगा। ये शब्द देहरा से भाजपा प्रत्याशी रविंद्र सिंह रवि ने मंगलवार को क्षेत्र चुधरेड़, दियाल, नैहरनपुखर, शिवनाथ व पाइसा पंचायतों में आयोजित विभिन्न नुक्कड़ सभाओं में जनसमूह को संबोधित करते हुए कहे। रवि ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास रहा है घोटाला करो व ईनाम पाओ। जैसे पूर्व में वीरभद्र ने किया तो उन्हें प्रदेश भेज दिया गया व अब सलमान खुर्शीद ने अपंग व्यक्तियों के नाम पर करोड़ों डकारे उन्हें विदेश मंत्री बना पूरे संसार में शिक्षा देने भेजा, मगर प्रदेश की जनता सब जान गई है।

 

रविंद्र रवि ने कहा कि जीतने पर उनका प्रथम लक्ष्य देहरा को जिला बनाना, केंद्रीय विश्वविद्यालय की देहरा में स्थापना तथा हर क्षेत्र में सड़क, हर गांव में स्वास्थ्य केंद्र तथा सस्ते राशन से लेकर घोषणा पत्र अनुसार हर परिवार को एक इंडक्शन चूल्हा मुहैया करवाया जाएगा। इस अवसर पर मंडल भाजपा अध्यक्ष नरेश चौहान, ब्लाक समिति परागपुर चेयरमैन नीलम कुमारी, कांगड़ा बैंक निदेशक गुरचरण सिंह, भाजपा नेता केडी शर्मा, सुनहेत पंचायत प्रधान रसाल सिंह, दियाल प्रधान सविता देवी व जगदीप सिंह डढवाल सहित विभिन्न भाजपा नेता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!