अजमेर में होगा साहित्य का नवसंचार
अजमेर/22 नवम्बर 2017/राजस्थान साहित्य अकादमी के तत्वावधान में आगामी कुछ महिनों में अजमेर में विविध साहित्यिक आयोजन किये जाएंगे। अकादमी सदस्य उमेश कुमार चौरसिया ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अकादमी ने अजमेर के लिए कई कार्यक्रमों की स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत गीत, गज़ल और कविता पर केन्द्रित दो दिवसीय वृहत् राष्ट्रीय साहित्यकार सम्मेलन का आयोजन होगा। सम्मेलन में काव्य विधा की विविध धाराओं के शिल्प, सौंदर्य और परिवर्तन पर चर्चा के साथ देश के विख्यात कवि-गीतकारों की श्रेष्ठ रचनाएं सुनने का अवसर मिलेगा। युवाओं में साहित्य के प्रति अभिरूचि जाग्रत करने और नयी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से कविता, कहानी और नाट्य तीनों विधाओं पर पृथक-पृथक ‘रचनात्मक लेखन कार्यशाला एवं प्रतियोगिता‘ का आयोजन नाट्यवृंद संस्था की सहभागिता से विविध महाविद्यालयों में किया जाएगा। इन कार्यशालाओं में विधाओं के विशेषज्ञ साहित्यकार छात्र-छात्राओं को लेखन का प्रशिक्षण देंगे और तत्पश्चात लेखन प्रतियोगिता होगी जिनमें श्रेष्ठ रचनाओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा। यह विशेष आयोजन राजस्थान में केवल अजमेर में ही होगा। इसका संयोजन गीतकार डॉ पूनम पाण्डे को सौंपा गया है। इन आयोजनों में अजमेर के अधिकाधिक साहित्यकारों की सहभागिता रहेगी।
अजमेर के साहित्यकारों को मिला अवसर- अकादमी अध्यक्ष डॉ इन्दुशेखर तत्पुरूष ने अकादमी की समारोह समिति में अजमेर की कवियित्रि डॉ शमा खान को सदस्य बनाया है। साथ ही ‘सृजन संवाद‘ और ‘पाठक मंच‘ के लिए बाल साहित्यकार गोविन्द भारद्वाज और व्यंग्यकार प्रदीप गुप्ता को संयोजक बनाया जा रहा है। सृजन संवाद के तहत विशिष्ट साहित्यकारों को आमंत्रित कर उन्हें लेखकों, पाठकों व युवाओं से रूबरू करवाते हुए उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा की जाएगी। पाठक मंच के तहत श्रेष्ठ नयी कृतियों पर चर्चा होगी। ये दोनों आयोजन वर्षभर निरन्तर होते रहेंगे।
उमेश कुमार चौरसिया
सदस्य राजस्थान साहित्य अकादमी
9829482601