बीकानेर, 20 दिसम्बर। डूंगर महाविद्यालय में उद्यमिता विकास एवं रोजगार प्रकोष्ठ के तत्त्वावधान में बुधवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन वाणिज्य विभाग में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता चेयरमैन कम्पनी सचिव संस्थान, बीकानेर शाखा नारायण डागा ने विद्यार्थियों को कम्पनी सचिव कोर्स में रोजगार संभावनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान वैश्वीकरण युग में कम्पनी सचिव की मांग निरन्तर बढ़ती जा रही है अतः विद्यार्थियों को इस कोर्स में अधिक से अधिक प्रवेश लेना चाहिये। चेयरमैन, बीकानेर झुंझुनु शाखा नन्दकिशोर गोयल ने विद्यार्थियों को लागत प्रबन्धक परीक्षा की तैयारी एवं रोजगार के अवसरों के बारे में बताते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के युग में सभी कम्पनियां अपनी उत्पादन लागत को कम करना चाहती हैं अतः इस पेशेवर कोर्स की सम्भावनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. बेला भनोत ने विद्यार्थियों को उद्यमिता विकास कार्यक्रमों के बारे में बताया तथा उन्हें इस प्रकोष्ठ के माध्यम से आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. देवेश खण्डेलवाल, लोकेश शर्मा ने भी विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी डॉ. राजेन्द्र पुरोहित, संकाय सदस्य डॉ. योगेन्द्र सिंह, डॉ. अनु शर्मा, डॉ. सीताराम चाहलिया आदि उपस्थित रहे। संचालन डॉ. राजकुमार ठठेरा ने किया।
– मोहन थानवी