जनहित को समर्पित जनप्रतिनिधि थे सियाग- मेघवाल

बीकानेर, 3 मार्च। केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास, गंगा पुनरोद्धार तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि हेतराम सियाग ऊर्जावान, मिलनसार तथा जनहित को समर्पित जनप्रतिनिधि थे। उनका निधन बीकानेर के लिए अपूरणीय क्षति है।
श्री मेघवाल शनिवार को जयनारायण व्यास कॉलोनी के सामुदायिक भवन में हेतराम सियाग की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मनुष्य अपने जीवनकाल में जो श्रेष्ठ कर्म करता है, उन्हें सदैव याद किया जाता है। सियाग ने अपना जीवन समाज को समर्पित कर दिया। उनका असामयिक अवसान दुःखदायी है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर लाल डूडी ने कहा कि सारण हंसमुख व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने व्यवहार के कारण जन-जन के मन में विशेष पहचान बनाई। उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा।
महापौर नारायण चोपड़ा ने कहा कि वे नगरीय क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तत्पर रहे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। इस दौरान डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, नंद किशोर सोलंकी, महेन्द्र गहलोत, मोहन सुराणा, मोहन पूनिया, पार्षद विनोद धवल, मोहम्मद ताहिर, मीना आसोपा, युधिष्ठिर सिंह भाटी, विशनाराम सियाग, पूजा भटनागर, उम्मेदसिंह राजपुरोहित, शहाबुद्दीन भुट्टा, राजा सेवग, राजेन्द्र पंवार, राजेन्द्र शर्मा, अखिलेश प्रताप सिंह, पाबूदान सिंह राठौड़, श्यामसिंह हाडला, डॉ. मीना आसोपा, शिवलाल गोदारा, धर्मचंद चौधरी, विजयपाल बेनीवाल, अरुण जैन, मोतीलाल हर्ष, सुरेन्द्र सिंह शेखावत तथा अशोक भाटी ने हेतराम सियाग के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बारे में बताया। इस दौरान सियाग के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति की कामना की गई।

error: Content is protected !!