पंचायती राज आम चुनाव-2026 की तैयारियों का जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया जायजा

मतदान दलों की रवानगी एवं ईवीएम कमिशनिंग व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

     अजमेर, 18 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने रविवार को पंचायती राज आम चुनाव-2026 के संबंध में की जा रही तैयारियों का राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अग्रवाला एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल के साथ मतदान दलों की रवानगी, ईवीएम कमिशनिंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

     इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने चुनाव तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। संबंधित पंचायत रिटर्निंग अधिकारियों ने ईवीएम कमिशनिंग की प्रक्रिया से अवगत कराया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम की जांच एवं सीलिंग प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमिशनिंग की प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के अनुसार संपन्न करवाने तथा सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने पर विशेष जोर दिया।

     जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने मतदान दलों की रवानगी से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मतदान दलों में नियुक्त कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण विस्तार से एवं समय पर करवाया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने रवानगी स्थल पर पर्याप्त संकेतक लगाने तथा व्यवस्थाओं को बूथवार सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी करने पर भी चर्चा की गई।

     जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान के पश्चात होने वाली मतगणना के लिए आवश्यक तैयारियां अभी से प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना के लिए स्ट्रांग रूम एवं मतगणना कक्ष के मध्य आवागमन की व्यवस्था सुचारू हो तथा किसी प्रकार का अवरोध नहीं रहे। मतगणना कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों का प्रशिक्षण भी निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना, व्यवस्थाओं के प्रभावी समन्वय तथा सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!