अजमेर उत्तर में विकास कार्यों को मिल रही गति

वार्ड 80 में 53.45 लाख रुपये की लागत से बनेगी सड़क

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया निर्माण कार्य का शुभारम्भ

अजमेर, 18 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने वार्ड संख्या 80 में रातीडांग सरकारी स्कूल से शिव मंदिर होते हुए नंदा जी के मकान तक 53.45 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। इस सड़क का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाया जाएगा।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से अपेक्षित आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, नागरिक सुविधाओं और जनजीवन को सुगम बनाने का आधार भी हैं। इस सड़क के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझना और उनका समयबद्ध समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में विकास कार्य प्राथमिकता से करवाए जा रहे हैं। क्षेत्र की आवश्यकताओं को चिह्वित कर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर के विकास को गति देने के लिए पिछले ढाई वर्षों में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण एवं विकास कार्य किए गए हैं। पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगतिरत हैं। चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जयपुर रोड पर नए जीएसएस का निर्माण भी करवाया जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अजमेर शहर को सुंदर, स्वच्छ एवं बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए भी विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। अशोक उद्यान से अम्बेडकर चौराहे तक सौंदर्यीकरण के कार्य करवाए जा रहे हैं, जिससे शहर में आने वाले आगंतुकों को बेहतर वातावरण एवं सुखद अनुभव मिल सकेगा। अजमेर में लेपर्ड सफारी, साइंस पार्क सहित विभिन्न पर्यटन विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

कार्यक्रम में नगर निगम की महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, जिला मंत्री चन्द्रेश साँखला, पार्षद काश्यपी सांखला, सीताराम शर्मा सहित जातवेद सोनी, अशोक पारीक, नवीन भाटी, डॉ. हिम्मत सिंह, राजू सेन, राहुल बैरवा, शंकर माली, नरेंद्र गुर्जर, रामलाल, प्रभु गुर्जर, कैलाश फौजी, श्रवण, विकास, नरेंद्र, इक्कू भाई, वसीम भाई, सलीम, हाजी सलीम, गिरिराज पटेल, फारुख, हबीब, अजीज, इशाक सहित जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!