उत्तर प्रदेश के औरैया के बेला थाना क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में सोमवार देर रात अचानक आग लगने से विस्फोट के बाद बस्ती के कई घर आग की चपेट में आकर मलबे में तब्दील हो गए। हादसे में करीब दस लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं। मलवे से तीन लोगों के क्षत-विक्षत शव मिले हैं, जबकि दर्जन भर से अधिक मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। छह लोगों को गंभीर हालत में कानपुर भेजा गया है। खबर लिखे जाने तक भयानक आग लगी हुई थी। पुलिस को सूचना दी गई है।
हिम्मतपुर में मौजीलाल पुत्र वसंत, उसके भाई मझले व छोटे के घर पर अरसे से आतिशबाजी बनाने का अवैध कारोबार चल रहा था। सोमवार देर शाम मझले के घर अचानक विस्फोट होने लगे। देखते ही तीनों भाइयों के घरों में चल रही अवैध फैक्ट्री आग से धधकने लगी। धमाके से बस्ती के आधा दर्जन से अधिक मकान मलबे में तब्दील हो गए। तीन लोगों के शव घर के बाहर सड़क पर पड़े मिले जिनकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
फैक्ट्री में काम कर रहे आधा दर्जन मजदूरों को घायलावस्था में कानपुर रिफर कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक गांव का ज्यादातर हिस्सा आग की चपेट में आ गया था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसमें कुछ और लोगों की भी जान गई है। पुलिस ने पहुंचने के बाद दमकल को खबर दी, लेकिन एक घंटा बीतने के बाद भी गाडि़यां नहीं पहुंची थीं।