दीपोत्सव पर रोशनी से नहाया अजमेर

अजमेर। दीपों के त्यौहार दीवाली पर अजमेर शहर सजा दुल्हन की तरह सज उठा। नया बाजार, केसरगंज, दरगाह बाजार, सुभाष उद्यान सहित चौपाटी और आनासागर झील रंगीन रोशनी में नहाए।
कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की अमावस्या पर मंगलवार को लक्ष्मी पूजन का सर्वश्रेष्ठ महुर्त गोधूलि वेला में शाम 5.35 से 8.00 बजे तक वृषभ लग्न में शाम 5:45 बजे से 7:42 बजे तक सिंह लग्न में, रात 12:15 से 2:31 तक लाभ के चौघडिय़े में, रात 11.20 से 1:20 तक शुभ चोघडिय़े में शाम 7:00 बजे से रात 8.30 बजे तक शुभ अमृत वेला में, रात 10:00 बजे से रात 1:00 बजे तक सर्वश्रेष्ठ पूजन का योग रहा, जिसमें लोगों ने अपनी सुविधा के हिसाब से पूजा अर्चना की। बुधवार को होने वाली गोवर्धन पूजा का सर्वश्रेष्ठ महुर्त शुभ चोघडिय़े में शाम 7:10 मिनट से रात 8:35 बजे तक रहेगा। वहीं अमृत चौघडीये में रात 8:35 से 10:00 बजे तक श्रेष्ठ रहेगा।
त्यौहार के मद्देनजर दीपावली के दिन भी बाजारों में रौनक परवान पर थी। लोगों की भीड़ खरीददारी करने शहर के विभिन्न बाजारो में पहुंची। लोगों ने बहुतायत से पटाखों की खरीददारी की। सबसे अधिक भीड़ पटाखों और मिठाइयों की दुकानों पर लगी रही। मिलावटी और सिथेटिक मावे की खबरें प्रसारित होने के बाद लोगों ने मावे की मिठाइयां कम खरीदी, जबकि दूध, छैने और बेसन से बनी मिठाइयों सहित काजू कतली और ड्राई फ्रूट की बिक्री ज्यादा रही। वहीं लक्ष्मी पूजन के लिए लक्ष्मीजी के पाने, खील, पताशे, मीठे खिलौने, रंगीन मालाएं, सजावटी फूल, गन्ने खूब बिके।
नगर निगम की ओर से आनासागर झील के किनारे बनी चौपाटी को रंगीन रोशनियों से सजाया गया। निगम की और से पहली बार लबालब भरी झील पर शानदार रोशनी की गई है।शहरवासी बारादरी और चौपाटी पर होने वाली आतिशबाजी का नजारा देखने भी उमड़े। सुभाष उद्यान को भी रंगीन रोशनीयों से सजाया गया। नया बाजार, नला बाजार, दरगाह बाजार, केसरगंज, सहित अन्य प्रमुख बाजारों को व्यापारिक एसोसिएशनों द्वारा सजा कर शहरवासियों को रोशनी के पर्व पर आमंत्रित किया।
error: Content is protected !!