जेएलएन में सफाई कर्मचारियों का हंगामा

अजमेर। अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में शनिवार को सफाई कर्मचारियों ने इस कारण हंगामा खड़ा कर काम का बहिष्कार कर दिया, जब उनकी साथी महिला कर्मचारी के साथ हॉस्पिटल में तैनात एक नर्स के पति ने ही अश्लील हरकत कर दी। आरोपी व्यक्ति के खिलाफ  कार्रवाई की मांग के साथ हंगामा कर रहे अस्पताल कर्मियों को शांत करने के लिए अस्पताल प्रशासन ने आनन फानन में अजीबोगरीब फैसला ले लिया। उन्होंने नर्स के पति के खिलाफ  कार्यवाही करने की बजाय उलटे महिला नर्स को ही एपीओ कर दिया।
पीडि़त महिला का आरोप है की हॉस्पिटल में तैनात नर्स के पति ने तेरह नवम्बर को हॉस्पिटल में ही उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। उसने इस बात का काफी विरोध भी किया लेकिन विरोध के बावजूद आरोपी युवक छेड़छाड़ करता रहा। चूंकि उसके बाद दीपावली का त्यौहार आ गया था, इसलिए महिला ने छेड़छाड़ की घटना का जिक्र अपने साथी कर्मचारियों से नहीं किया था। लेकिन आज जैसे ही पीडि़त महिला ने छेड़छाड़ की बात अपने साथी कर्मचारियों को बताई तो वे उत्तेजित हो गए। गुस्साए कर्मचारियों ने हॉस्पिटल में काम का बहिष्कार कर दिया और जमकर हंगामा मचाते हुए आरोपी नर्स के पति के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा की जब तक आरोपी के खिलाफ  सख्त कार्यवाही नहीं होगी तब तक हॉस्पिटल के सफाई कर्मचारी काम पर नहीं लौटेंगे। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक चौधरी ने करे कोई भरे कोई की तर्ज पर नर्स के पति की गलती की सजा महिला नर्स को देने की ठान ली और उसे एपीओ कर डाला। इस पूरे मामले की खास बात यह रही कि इतना सब कुछ हो जाने के बाद भी मामला पुलिस के पास नहीं पहुंचा।
error: Content is protected !!