बीकानेर, 26 अक्टूबर। शहरी क्षेत्र की महिलाओं और काॅलेज छात्राओं ने शुक्रवार को गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में एक-दूसरे की कलाई पर मेहंदी लगाकर 7 दिसम्बर को होने वाले विधानसभा चुनावों में मताधिकार के उपयोग का संदेश दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के अलावा राजकीय डूंगर, महारानी सुदर्शन, बेसिक, नेहरु शारदा पीठ तथा सिस्टर निवेदित महाविद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने मेहंदी से विभिन्न कलाकृतियां उकेरी एवं ‘बीकानेर की पहचान-शत प्रतिशत मतदान’ का लोगो बनाकर संदेश दिया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा स्वीप प्रभारी अजीत सिंह ने कहा कि करवा चौथ से एक दिन पूर्व महिलाओं ने सुहाग के साथ मतदान की मेहंदी लगाकर सकारात्मक संदेष दिया है।
स्वीप सहप्रभारी राजेन्द्र जोशी ने कहा कि मतदाता जागरुकता अभियान का उद्देश्य प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सभी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करना है। इसके लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेश बीका ने बताया कि आइसीडीएस द्वारा मतदाता जागरुकता अभियान में बड़ी भागीदारी निभाई जा रही है। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर लगातार जागरुकता के कार्यक्रम हो रहे हैं। पहली बार मताधिकार का उपयोग करने वाली पार्वति सुथार ने कहा कि वह स्वयं भी मतदान करेगी और दूसरों को भी प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर सहायक निदेषक (काॅलेज शिक्षा) डाॅ. दिग्विजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान डूंगर महाविद्यालय की सोनम कुमारी, बिन्नाणी काॅलेज की अनिता स्वामी, एनएसपी की मंशा, एमएस काॅलेज की पूजा, ज्योति, पार्वति, अर्चना यादव और भाग्यश्री का मेहंदी मांडणा सर्वश्रेष्ठ मांडणा के रूप में चयन हुआ।