सिन्धी विषय पढ़ने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें दी जायेंगी

जयपुर, 7 फरवरी (वि.)। राजस्थान सिन्धी अकादमी द्वारा सिन्धी विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा से जोड़ने एवं प्रोत्साहन देने के लिये प्रतिवर्ष सिन्धी पाठ्य-पुस्तकों का निःशुल्क वितरण एवं सिन्धी विषय लेकर अध्ययनरत कक्षा छठीं से एम0ए0फाईनल तक के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि/छात्रवृति का वितरण किया जा रहा है।
अकादमी सचिव ईश्वर मोरवानी ने बताया कि अकादमी की इन योजनाओं से सिन्धी विद्यार्थियों में अपनी मातृभाषा के प्रति काफी रूचि बढ़ी है एवं वे अकादमी की इन योजनाओं से काफी लाभान्वित भी हो रहे हैं। अकादमी के प्रयासों से राज्य सरकार ने कक्षा 1 से 5वीं की सिन्धी देवनागरी की पाठ्यपुस्तकें प्रकाशित करवाने हेतु अकादमी को अधिकृत किया है।
उन्होंने यह भी बताया कि अकादमी द्वारा राज्य के सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों से कक्षा 1 से 5वीं में सिन्धी विषय की पाठ्यपुस्तकों की मांग हेतु पत्र लिखा गया है साथ ही 6 से 12वीं में सिन्धी विषय लेकर पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सूची भी विद्यालयों से मंगवाई जा रही है ताकि उसी अनुपात में पाठ्यपुस्तकों की व्यवस्था कर आगामी शिक्षा सत्र 2019-20 में विद्यार्थियों को समय पर सिन्धी देवनागरी लिपि की पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध करवाई जा सके।

(ईश्वर मोरवानी)
सचिव

error: Content is protected !!