अजमेर, 28 फरवरी। संभागीय आयुक्त श्री एल.एन.मीना ने कहा कि सूफी संत ख्वाजा माईनुद्दीन चिश्ती के 807 वें उर्स के लिए पानी, बिजली, सड़क, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य सभी इंतजाम समय पर पूर्ण कर लिए जाएं तथा सभी विभाग मुस्तैदी से कार्य करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वाह करें।
संभागीय आयुक्त गुरूवार को कलक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती के 807 वें उर्स में किए जाने वाले प्रशासनिक इंतजामों एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उर्स में समस्त व्यवस्थाएं समयबद्धता एवं आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित करें। यह अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का मेला है। जिसे भव्यता प्रदान करते हुए जायरीनों की सुविधाओं का ध्यान रखें।
उन्होंने नगर निगम को निर्देशित किया कि कायड विश्राम स्थली एवं मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सतत् रूप से चले इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड पर भी सफाई की पुख्ता व्यवस्था हो। उन्होंने कचरा समय पर उठाने, आवारा जानवरों को रात्रि में ही पकड़ने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाए। विश्राम स्थली एवं दरगाह में सी.सी. टी.वी कैमरे लगाए गए है। पुलिस का नियंत्रण कक्ष इस दौरान 24 घण्टे कार्य करेगा। भीड़ नियंत्रण के लिए जुम्मे की नवाज पर धानमण्डी एवं निजाम गेट के पास वरिष्ठ अधिकारी लगाए जाएं। मेले में कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है। असामाजिक तत्वों को भी पाबंद करें। उन्होंने बीएसएनएल के अधिकारी को निर्देश दिए कि मेले के दौरान दरगाह क्षेत्र में सही नेटवर्क मिल सके, की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने परिवहन अधिकारी से कहा कि विश्राम स्थली, रेलवे एवं बस स्टैण्डों पर यातायात व्यवस्था संबंधी जानकारी प्रदर्शित की जाए साथ ही टैम्पों एवं बसों में यात्रियों से लिए जाने वाले किराए की सूची भी दरों का निर्धारण कर जगह -जगह प्रदर्शित की जाए। तारागढ़ पर जाने वाले वाहनों पर नियंत्रण रखने तथा परिवहन नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। संभागीय आयुक्त ने चिकित्सा विभाग को खाद्य सामग्री के सैम्पल लेने तथा उनकी जांच कराने के निर्देश भी दिए है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मात्रा में दवाईयां उपलब्ध रहे। चिकित्सालय में एम्बूलैंस की व्यवस्था 24 घंटे रखने के भी निर्देश दिये।
उन्होंने जलदाय विभाग को पानी की पुख्ता व्यवस्था करने तथा लिकेज ठीक करने के निर्देश दिए है। पेयजल का नियमित रूप से परीक्षण करने तथा मेला क्षेत्र में बिजली की माकुल व्यवस्था हो, वहीं सड़कों के पेचवर्क तत्काल सही कर दिए जाएं। उन्होंने रसद अधिकारी को खाने के पैकेट सस्ती दरों पर अच्छी गुणवत्ता का उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक श्री संजीव नार्जरी ने बताया कि मेले के दौरान समस्त आपातकालिन सेवाएं हर समय तैयार रहें। बेरिकेटिंग एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यतियों पर नजर रखी जा रही है। लोगों को भी जागरूक रहने के लिए कहा जा रहा है।
बैठक में जिला कलटर श्री विश्व मोहन शर्मा ने कहा कि मेला क्षेत्र में प्रत्येक ढाबे एवं रेस्टोरेन्ट मालिक को व्यावसायिक गैस का उपयोग करने से पूर्व फायर इक्यूपमेन्ट लगाने होंगे ताकि किसी भी अनहोनी में कठिनाई नहीं हों। उन्होंने जिला रसद अधिकारी को गैस के दुरूपयोग एवं अवैध रिफलिंग पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिये। गैस के उपकरण आईएसआई मार्का के ही उपयोग में लिये जायें। गैस सिलेंडरों की जांच के लिए नगर निगम, रसद एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से कार्यवाही करेंगे। रोडवेज द्वारा 105 बसों का संचालन होगा। रोडवेज प्रबंधक रात्रि के समय आने वाली रेलों के समय के अनुसार बसों को संचालित करें।
इस मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक कुं राष्ट्रदीप ने कहा कि दरगाह कमेटी आस्थाना शरीफ सहित समस्त भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए। साथ ही जो भी स्वयं सेवक मेले के दौरान यहां रहेंगे वे यहां की रीति निति के अनुसार ही कार्य करेंगे। उनका भी सत्यापन कराया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सम्पत जोधा ने बताया कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में मेडिकल टीमे लगायी जाएगी। साथ ही डिस्पेंशरियां राउंड दा क्लॉक खुली रहेगी। पर्याप्त मात्रा में डीडीटी का छिड़काव तथा जल शुद्धिकरण का कार्य भी कराया जाएगा। इस मौके पर अजमेर विद्युत वितरण निगम लि. के अधीक्षण अभियंता श्री मुकेश ठाकुर ने बताया कि मेला क्षेत्र में विद्युत वितरण बिना अवरोध के करने लिए मोती कटला में सब स्टेशन स्थापित किया गया है। जिला रसद अधिकारी श्री संजय माथुर ने बताया कि कायड़ विश्राम स्थली पर सस्ती दर पर 35 रूपए में खाद्य पैकेट उपलब्ध कराएं जाएंगे। वहां 8 गैस एजेंसियां व 3 उचित मूल्य की दुकाने भी कार्यरत रहेगी। जलदाय विभाग के अधीशाषी अभियंता श्री सम्पत जीनगर ने बताया कि मेला अवधि के दौरान 10 एमएलडी पानी अतिरिक्त मिल रहा है। जिससे दिन में दो बार पेयजल आपूर्ति की जाएगी। प्रादेशिक परिवहन अधिकारी कुसुम राठौड़ ने बताया कि सिटी बसो एवं टैम्पो का किराया निर्धारित कर वाहनों में चस्पा करवा दिया गया है।\
बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री के.के.शर्मा, एडीए के आयुक्त श्री निशान्त जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री एम.एल.नेहरा एवं श्री अबु सूफियान चौहान, दरगाह नाजीम शकील अहमद, नगर निगम उपायुक्त श्री गजेन्द्र रलावता सहित समस्त विभागों के अधिकारीगण तथा दरगाह कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित थे।
आवासीय सुविधा के लिए भवन अधिग्रहित
अजमेर, 28 फरवरी। जिला मजिस्ट्रेट श्री विश्व मोहन शर्मा ने एक आदेश जारी कर उर्स 2019 के दौरान बाहर से आने वाले इंटेलीजेंस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवासीय सुविधा उपलब्घ कराने की दृष्टि से 3 विद्यालयों को 5 से 17 मार्च तक के लिए अधिग्रहित किया गया है।
कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
अजमेर, 28 फरवरी। महाशिवरात्रि पर्व 4 मार्च को मनायी जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट श्री विश्व मोहन शर्मा ने प्रातः 6 बजे से कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंदरकोट व आसपास का क्षेत्र तथा झरनेश्वर महादेव मन्दिर व आसपास के क्षेत्र में जिला रसद अधिकारी श्री संजय कुमार माथुर एवं तहसीलदार श्री ओमप्रकाश सोनी को कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
पुष्कर का डाक बंगला संचालन के लिए तैयार
जिला कलक्टर के निर्देश पर स्टाफ की नियुक्ति
अजमेर, 28 फरवरी। तीर्थराज पुष्कर में करीब 94 लाख रूपए की लागत से बना डाक बंगला अब संचालन के लिए तैयार हो गया है। यहां डाक बंगला संचालन के लिए स्टाफ की नियुक्ति भी कर दी गई है।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने हाल ही में सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिए थे कि पुष्कर में डाक बंगले का संचालन तुरन्त शुरू किया जाए। इन निर्देशों के बाद विभाग ने स्टाफ की नियुक्ति कर दी है। विभाग के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि डाक बंगले के निर्माण में 94.15 लाख रूपए की लागत आयी है। यहां चार कमरे, डाईनिंग हॉल, मिटिंग हॉल और स्वागत कक्ष का निर्माण करवाया गया है। डाक बंगले के संचालन के लिए पर्याप्त स्टाफ लगाया गया है।
अनुसूचित जनजाति वर्ग को रियायती ब्याज दर पर ऋण आवेदन पत्र आमंत्रित
अजमेर, 28 फरवरी। राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड अजमेर के माध्यम से वर्ष 2018-19 के लिए अनुसूचित जनजाति के युवक/युवतियों को स्वरोजगार के लिए ऋण दिए जाने हेतु निगम की विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत रियायती ब्याज दर पर ऋण हेतु 5 मार्च तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।
निगम के परियोजना प्रबंधक श्री एन.के.गुप्ता ने बताया कि इस योजना में संबंधित वर्ग का व्यक्ति की ऊपरी आयु सीमा 60 वर्ष तक आवेदन कर सकता है तथा उक्त वर्ग का युवक /युवती बीपीएल परिवार एवं शहरी क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्र में अधिकतम आय सीमा 3 लाख रूपए वाले आवेदन कर सकते है। आवेदन पत्र 10 रूपए शुल्क जमा करा कर निगम कार्यालय में कार्य दिवस में प्राप्त किए जा सकते है एवं आवेदन से संबंधित अधिक जानकारी हेतु किसी भी कार्य दिवस में निगम कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर अजमेर में सम्पर्क कर सकते है।