बीकानेर, 8 मार्च। जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने कहा कि बेटियों को जन्म, पोषण, शिक्षा और करियर बनाने का अवसर दिए जाने की आवश्यकता है। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रवीन्द्र रंगमंच पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महिला और पुरूष की बनावट में अंतर केवल प्राकृतिक है, बाकी सभी भेद सामाजिक है समाज के खुद के बनाए हैं। स्त्री पुरूष की क्षमताओं में कोई फर्क नहीं है और सामाजिक आधार पर गढ़े इन भेदों को लम्बे समय तक नहीं ढोया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने घर से इस अंतर को मिटाने की शुरूआत कर बदलाव को लाना होगा। जब हम खुद इस बदलाव के भागीदार बनेंगे, तभी इस दिवस को सेलिब्रेट करने की सार्थकता रहेगी। उन्होंने कहा कि आज के दिन भी एक बच्ची का लावारिस भू्रण मिलना समाज पर एक दाग है। यह सोच पूरे समाज के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि बच्चियां स्कूली शिक्षा में बहुत अच्छा परिणाम दे रही है लेकिन हायर एजुकेशन हो या नौकरियों में उनका प्रतिशत बहुत कम हो जाता है इसका कारण उनकी योग्यता नहीं अवसर की कमी है। उन्होंने कहा कि दुनिया के हर कोने में महिलाओ में हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत को साबित किया है। केवल उन्हें अवसर उपलब्ध करवाने की जरूरत है और आज के दिन इस बदलाव को शुरू करने का संकल्प लेने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर जिला प्रमुख सुशीला सींवर ने कहा कि बेटियां सक्षम है और इस क्षमता को पहचानने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं है और विज्ञान, कला साहित्य, राजनीति सहित सभी क्षेत्रों में महिलाओं ने अपनी उपलब्धियों का लोहा मनवाया है। भारत की यत्र नार्यस्तु पूज्यते रमते तत्र देवता का वाक्य तभी सार्थक होगा जब हम निजी और सार्वजनिक जीवन में मन से महिलाओं को सम्मान देंगे। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ, साथिन, प्रचेताओं का यशोदा पुरस्कार का सम्मान किया गया। सर्वेश्रेष्ठ कार्य करने वाली दंतौर में कार्यरत साथिन को 11 हजार रूपए का चैक देकर सम्मानित किया गया। जिला कलक्टर व अन्य अतिथियों ने महिला अधिकारिता के विभागीय योजना के कैलेण्डर का विमोचन किया। महिला अधिकारिता उपनिदेशक मेघा रतन ने उपस्थित प्रांगण को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाएं भी उपस्थित रही।
मतदाता जागरूकता का संदेश
इस अवसर वीवीपैट और ईवीएम का प्रदर्शन कर महिलाओं को मतदान जागरूकता का संदेश दिया गया। स्वीप गतिविधियों के तहत कोमल ने बताया कि वीवीपैट व ईवीएम का लाइव प्रदर्शन कर मतदान प्रक्रिया समझाई गई व मतदान का महत्व बताया गया। इस अवसर पर गोपाल जोशी, पवन कुमार उपस्थित रहे।