कोरोना वायरस रोग से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश

जिला मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष स्थापित
चिकित्सालय में खांसी, बुखार के रोगियों का अलग होगा ओपीडी

अजमेर, 04 मार्च। कोरोना वायरस रोग से बचाव के लिए बुधवार को जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग को सतर्कता पूर्वक कार्य करने तथा लोगों में इस रोग से बचाव के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर के निर्देश पर चिकित्सा एवं स्वास्थ विभाग में नियंत्रण कक्ष तत्काल प्रारम्भ हो गया है। जिसका दूरभाष संख्या 0145- 2631111 है।
बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में खांसी, बुखार एवं जुकाम के रोगियों के ईलाज के लिए अलग ओपीडी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि खांसी बुखार से रोगियों के लिए घर-घर सर्वे करें। संभावित रोगियों को पूर्ण ऑयसोलेशन में रखें तथा 28 दिन उन पर पूर्ण निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस प्रभावित देशों से यदि कोई पर्यटक पुष्कर अथवा अन्य स्थान पर रह रहा है तो उनकी विशेष जांच एवं निगरानी की जाए। ऎसे पर्यटकों को तत्काल चिन्हित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने रोग से बचाव के लिए भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में जहां पर्यटकों की आवाजाही ज्यादा हो वहां पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
कोरोना वायरस के संबंध में बुधवार को वीडियो कॉफ्रेसिंग का आयोजन कर जयपुर से अतिरिक्त मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग श्री रोहित कुमार सिंह ने भी इस रोग के बचाव के लिए पूर्ण सतर्कता एवं गम्भीरता से कार्य करने के निर्र्देश दिए। हाल ही ईटली से आए एक दल में कोरोना वायरस पॉजीटिव पाया गया है। इस संबंध में दल के सदस्य जिन -जिन स्थानों पर गए है वहां विशेष जांच एवं निगरानी की जा रही है।
बैठक में बताया गया कि कोरोना वायरस बहुत सूक्ष्म लेकिन प्रभावी वायरस है. कोरोना वायरस मानव के बाल की तुलना में 900 गुना छोटा है, लेकिन कोरोना का संक्रमण दुनिया भर में तेजी से फ़ैल रहा है. अब तक कोरोना वायरस का संक्रमण दुनिया के 60 देशों में फ़ैल चुका है. चीन में कोरोना का कहर जारी है और अब ईरान, इटली और दक्षिण कोरिया जैसे देश कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे से जूझ रहे हैं. कोरोना के बढ़ते खतरे के मद्देनजर अब लोग काफी सावधानी बरत रहे हैं।
इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद शर्मा सहित चिकित्सा,पुलिस, शिक्षा, पंचायतराज, आयुर्वेद विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

अजमेर ग्रामीण की ग्राम पंचायतों का चुनाव कार्यक्रम जारी
अजमेर, 04 मार्च। पंचायतराज संस्थाओं के आम चुनाव 2020 के अन्तर्गत अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति की 30 ग्राम पंचायतों के लिए सरपंच, वार्डपंच एवं उप सरपंच पदो के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि अजमेर ग्रामीण की ग्राम पंचायतों के मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन 5 मार्च को किया जाएगा। इसी दिन ईवीएम का द्वितीय रैण्डमाईजेशन एवं पूर्व में 9 जनवरी को नाम निर्देशन पत्रों की संविक्षा उपरान्त सील्ड कर डबल लॉक में सुरक्षित रखे गए रिकॉर्ड के अनुसार 30 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंच निर्वाचन हेतु मत पत्र मुद्रण के लिए निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची मुद्रण प्रकोष्ठ को उपलब्ध करवायी जाएगी। अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति के लिए रूट चार्ट तैयार करने एवं जोन निर्धारण का कार्य 8 मार्च तक पूर्ण किया जाएगा। जोनल मजिस्ट्रेट की नियुक्ति एवं मतदान सामग्री की उपलब्धता 9 मार्च तक सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 11 मार्च को मुद्रित मतपत्र अजमेर ग्रामीण के रिटर्निंग अधिकारी को उपलब्घ करवाए जाएंगे। सरपंच निर्वाचन के लिए ईवीएम तैयार की जाएगी। मतदान दलों की रवानगी की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। साथ ही कार्यकारी मतदाता सूची पूर्ण कर मतपत्र मुद्रण अधिकारी को सौपी जाएगी। मतदान दलों का तृतीय रैण्डमाईजेशन 13 मार्च को किया जाएगा। मतदान दलों का अन्तिम प्रशिक्षण की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएगी। मतदान दलों का अन्तिम प्रशिक्षण एवं रवानगी 14 मार्च को दोपहर 12 बजे से राजकीय पोलोटेक्निक कॉलेज अजमेर से होगी।
उन्होंने बताया कि कॉलेज के प्रवेश द्वार नम्बर एक में प्रवेश कर सिविल ब्लॉक के पीछे मैदान में वाहन पार्क होंगे। सिविल ब्लॉक के पास वाले मुख्य द्वार पर चैक पोस्ट स्थापित की जाएगी। कॉलेज में पूछताछ केन्द्र की स्थापना 14 मार्च से की जाएगी। मतदान दलों को अग्रिम राशि भुगतान उनके बैंक खातों में रवानगी से पूर्व किया जाएगा। अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति के लिए कुल 11 आरक्षित मतदान गठित किए गए है। इनमें से 5 दल अजमेर तहसील तथा 3-3 दल पुष्कर तहसील एवं महाराजा अग्रसेन विद्यालय पर तैनात रहेंगे। मतदान दलों को सरपंच पद के लिए ईवीएम का वितरण रिटर्निंग अधिकारी द्वारा सिविल ब्लॉक के बाहर 14 मार्च को किया जाएगा। मतदान दलों से सामग्री का संग्रहण सिविल ब्लॉक के बाहर किया जाएगा।

मतदान दलों का द्वितीय रैण्डमाईजेशन सम्पन्न
अजमेर, 04 मार्च। अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति की 30 ग्राम पंचायतों में पंचायतराज आम चुनाव के लिए गठित मतदान दलों का द्वितीय रैण्डमाईजेशन बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विश्व मोहन शर्मा की उपस्थिति में हुआ। इसमें 136 मतदान बूथों के लिए 136 मतदान दलों एवं 20 आरक्षित दलों का द्वितीय रैण्डमाईजेशन किया गया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कैलाश चंद शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह तथा एनआईसी के जिला सूचना अधिकारी श्री अंकुर गोयल उपस्थित थे।

बोर्ड परीक्षाओं के लिए माइक्रो आब्जर्वर नियुक्त
अजमेर, 04 मार्च। जिला मजिस्ट्रेट श्री विश्व मोहन शर्मा ने एक आदेश जारी कर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परीक्षाओं के लिए जिले के विशेष चिन्हित संवेदनशील, अति संवेदनशील एवं निजी विद्यालय परीक्षा केन्द्रों पर माईक्रो आब्जर्वर नियुक्त किए गए है। इनके द्वारा परीक्षाओं को शान्तिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से सम्पादित करवाया जाएगा।

बेटियां तो है लम्हा खुशी का
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह पर कार्यशाला आयोजित
अजमेर, 04 मार्च। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के अन्तर्गत महिला अधिकारिता विभाग, जिला प्रशासन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह रोकथाम एवं महिला शक्ति केन्द्र विषयक जिला स्तरीय अधिकारियों की कार्यशाला बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री हीरालाल मीणा की अध्यक्षता में इंडोर स्टेडियम सभागार में आयोजित हुई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री हीरालाल मीणा ने कहा कि समाज को महिलाओं के प्रत्येक स्तर पर सशक्तिकरण की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के कम लिंगानुपात वाली जगह से अभियान का शुभारम्भ किया था। इसके पश्चात बाल लिंगानुपात में वृद्धि दर्ज की गई है। बालिकाएं समस्त क्षेत्रों में बराबर आगे बढ़ रही है। समाज को अपनी सोच में बदलाव लाने की आवश्यकता है। विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करने वाले व्यक्तियों पर यह जिम्मेदारी है कि महिलाओं एवं बच्चियों को आगे लाए।
कार्यशाला की मुख्य वक्ता अजमेर उत्तर की वृत्ताधिकारी डॉ. प्रियंका थी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज में बदलाव का आरम्भ मां से होता है। उसकी भूमिका महत्वपूर्ण है। महिला को आगे बढ़कर अपने परिवार के लिए विशेषकर बालिकाओं के लिए रोल मॉडल बनने का प्रयास करना चाहिए। आजादी के पश्चात महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में विशेष कार्य हुआ है। वर्तमान में भी कुछ ऎसे क्षेत्र है जिनमें अतिरिक्त कार्य की आवश्यकता है। इन क्षेत्रों में कार्य करने से बदलाव तेजी से आएगा।
उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयासों के परिणाम सामने आने लगे है। बाल विवाह कम हो रहे है। इसके प्रति समाज में जागरूकता एवं स्वीकार्यता बढ़ने से यह संभव हुआ है। बाल विवाह की रोकथाम के लिए केवल अक्षय तृतीया के दिन ही कार्य करना पर्याप्त नहीं है। बाल विवाह की रोकथाम के लिए सोच बदलने का कार्य अनवरत किया जाना चाहिए। इस प्रकार की सकारात्मक सोच रखने से परिवर्तन तेजी से होगा। वर्तमान में बालिका शिशु मृत्यु दर में भी कमी आई है। यह एक अच्छा संकेत है।

जिला रसद अधिकारी श्री अंकित पचार ने सुकन्या समृद्धि योजना, स्वच्छकर आदतों एवं घूघट मुक्त राजस्थान के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि बेटियां परिवार में खुशी का लम्हा होती है। इनसे परिवार में महक आती है। भारतीय परम्परा में स्त्री को देवी माना गया है। समाज में लैिंगक समानता होेने से कई प्रकार के समस्याओं का समाधान हो सकता है। लैंगिक समानता एक सुन्दर एवं सुरक्षित समाज की नींव है। हमारे संविधान में लैंगिक समानता के लिए सकारात्मक प्रावधान रखे गए है। इस संबंध में महिलाओं को भी जागरूक होने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर क्राई के सलाहकार श्री फैजल रजा खान सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

होली के अवसर पर व्यवस्थाएं हो चाक चोबंद
अजमेर, 04 मार्च। होली एवं धुलण्डी के अवसर पर समस्त प्रकार की व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखने के लिए जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने निर्देश प्रदान किए है।
जिला कलक्टर ने बताया कि नगर निगम के द्वारा समुचित सफाई व्यवस्था, बेसहारा पशुओं की रोकथाम, डीडीटी पाउडर छिड़काव, फायर बिग्रेड सहित अन्य व्यवस्थाएं की जाएगी। इसी प्रकार जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में एंबूलेंस, चिकित्सक, स्टाफ एवं दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। दुर्घटना की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए एक एंबूलेंस पुलिस कंट्रोल रूम में भी उपलब्ध रहेगी।

कोरोना रोग के संबंध में बैठक गुरूवार को
अजमेर, 04 मार्च। जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता मे कोरोना रोग की रोकथाम के संबंध में बैठक का आयोजन गुरूवार 5 मार्च को दोपहर 12.30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में होगा। यह जानकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री हीरालाल मीणा ने दी।

बादशाह मेले की बैठक 5 मार्च को
ब्यावर, 04 मार्च। उपखण्ड मजिस्ट्रेट श्री जसमीत सिंह संधु की अध्यक्षता में होली, बादशाह मेला पर्व की व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक गुरूवार 5 मार्च प्रातः 11 बजे ब्यावर उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित होगी।

मसूदा में गुरूवार को होने वाला औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर स्थगित
ब्यावर, 04 मार्च। जिला उद्योग केन्द्र अजमेर के तत्वावधान में कार्यालय जिला उद्योग उप केन्द्र ब्यावर द्वारा पंचायत समिति मसूदा में 5 मार्च को प्रातः 11 बजे आयोजित होने वाला एक दिवसीय औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है।

मीडियाकर्मियों की कार्यशाला गुरूवार को
­­­­­­ अजमेर, 04 मार्च। अन्तर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह के तहत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं योजना पर मीडियाकर्मियों की कार्यशाला गुरूवार 5 मार्च को प्रातः 11.15 बजे इंडोर स्टेडियम सभागार में आयोजित की जाएगी। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने यह जानकारी दी।

error: Content is protected !!