
पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री एवं विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट से आग्रह किया कि प्रदेश में बीपीएल के साथ-साथ एपीएल कार्ड धारकों को भी निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जाए। देवनानी ने शनिवार को पायलट से दूरभाष पर हुई वार्ता के दौरान कहा कि लाॅकडाउन के चलते काम-धंधे बन्द होने व रोजगार नहीं मिलने से प्रदेश में बड़ी संख्या में लोगों को आर्थिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है तथा एपीएल श्रेणी का कार्ड होने से इन्हें सरकार की तरफ से राशन भी नहीं मिल पाता है। उन्होंने पायलट से आग्रह किया कि भारतीय खाद्य निगम द्वारा प्रदेश को 34 हजार मेट्रिक टन गेहू लाॅकडाउन की समयावधि में उपलब्ध कराया गया है एसे में राज्य सरकार को संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एपीएल कार्ड धारकों व जरूरतमंद लोगों को भी राशन उपलब्ध कराये जाने के आदेश तत्काल जारी करने चाहिए।
देवनानी ने पायलट से यह आग्रह भी किया कि सरकार को राशन में गेहूं के अतिरिक्त अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री भी उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन्हें राशन मेें गेहूं प्राप्त हो जाता है उन्हें खाद्य तेल, दाल, चावल, शक्कर जैसी आवश्यक सामग्री के अभाव में जीवनयापन में बहुत असुविधा हो रही है।
उन्होंने पायलट से वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गऊशालाओं व पक्षीघरों हेतु विधायक कोष से राशि दिये जाने की स्वीकृति जारी कराने का आग्रह किया। लाॅकडाउन के दौरान गऊशालाओं में गायों व पक्षीघरों में पक्षियों को चारा व दाना-पानी की पर्याप्त व्यवस्था सम्भव नहीं हो पा रही है। इसके आदेश ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा ही जारी किये जा सकते है व यह विभाग पायलट के पास ही है।
देवनानी ने बताया कि उन्होंने गत दिनों मुख्यमंत्री जी से भी यह आग्रह किया था कि एपीएल श्रेणी के कार्डधारकों को राशन उपलब्ध कराया जाना चाहिए।