कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव एवं लॉक डाउन की स्थितियों का फीडबेक लिया,
कहा – कड़ाई से कराएं निर्देशों और एड्वाइजरी की पालना
जैसलमेर, 11 अप्रेल/जिला कलक्टर नमित मेहता ने शनिवार को प्रमुख
प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों का ब्रीफिंग सेशन लिया और जिले के सम
सामयिक हालातों की ताजातरीन स्थितियों की जानकारी ली तथा राज्य सरकार के
नवीनतम निर्देशों एवं जरूरी उपायों की जानकारी देते हुए हर क्षेत्र में
पूरी कड़ाई के साथ सख्ती बरतने और लॉक डाउन प्रभावितों को राहत पहुंचाने
का लक्ष्यबद्ध कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के लिए निर्देश
दिए।
जिलाधिकारियों ने बताए ताजा हालात
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओ.पी. विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी
ओमप्रकाश, नगर विकास न्यास के सचिव अनुराग भार्गव, उपखण्ड अधिकारी दिनेश
विश्नोई, उपायुक्त (उप निवेशन) देवाराम सुथार, सहायक निदेशक (लोक सेवाएं
) भारतभूषण गोयल, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एल. बुनकर, विकास
अधिकारी हीरालाल कलबी (जैसलमेर) एवं सुखराम विश्नोई (सम), मुख्य जिला
शिक्षा अधिकारी सत्येन्द्र कुमार व्यास, तहसीलदार विकास भाटी, नगर परिषद
आयुक्त बृजेश राय, जिला रसद अधिकारी भागुराम महला, एसीपी मनोज विश्नोई
सहित प्रमुख अधिकारीगण उपस्थित थे।
टीम जैसलमेर के प्रयासों पर जताया संतोष
जिला कलक्टर ने जिले में प्रशासनिक और विभागीय स्तर पर अब तक की
गतिविधियों पर संतोष जाहिर किया और कहा कि टीम भावना के साथ परस्पर सहयोग
एवं सतत संचार सम्पर्क के साथ पूरी शक्ति से काम करें और जिले को इस
चुनौती से उबारने में भागीदारी निभाएं।
सौंपे गए दायित्वों को दें रफ्तार
जिला कलक्टर ने सर्वे में चिह्नित निराश्रितों और जरूरतमन्दों के लिए
द्वितीय सप्ताह की राशन सामग्री के पैकेट और विभिन्न श्रेणियों में
चिह्नित जरूरतमन्दों के लिए सहायता राशि का वितरण कार्य तत्काल पूर्ण कर
लिए जाने के साथ ही किसी भी व्यक्ति की बाहर से जिले की सीमा मेंं प्रवेश
अथवा जिले से बाहर निर्गमन पर सख्ती से पाबंदी बरकरार रखने व इस बारे में
कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए और कहा कि लॉकडाउन में जो व्यक्ति जहां
है, वहीं रहे, आवागमन न करें। खेतों व मुरब्बों में काम करने वाले
श्रमिकों को वहीं रखे रहने के लिए खेत -मुरब्बा मालिकों को पाबंद करने को
कहा जाए। इनके लिए राशन की व्यवस्था कराई जाएगी।
हर मामले में रखें पूरी तैयारी
जिला कलक्टर ने सूचीबद्ध जरूरतमन्द पाक विस्थापितों को राशन किट वितरण की
समीक्षा की और कहा कि इसमें कहीं कोई विलम्ब सामने नहीं आना चाहिए। इसके
अलावा जिले में आश्रय स्थलों में रह रहे श्रमिकों की व्यवस्थाओं के बारे
में भी चर्चा की गई और जिला रसद अधिकारी को निर्देशित किया गया कि एक
हजार राशन किट हमेशा अपने पास आरक्षित रखें। पोकरण में जरूरत की सामग्री
और खाद्यान्न आदि की पर्याप्त व्यवस्था एवं वार्डों में पहुंच कर वितरण
की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कहा गया।
जिला कलक्टर ने आगामी दिनों को लेकर जिला प्रशासन की विस्तृत कार्ययोजना
पर चर्चा की और सभी अधिकारियों से कहा कि वे सौंपे गए दायित्वों को लेकर
आगामी दिनों की व्यापक स्तर पर तैयारी रखें ताकि सभी व्यवस्थाओं को
सुचारू बनाए रखा जा सके।
फील्ड में पानी-बिजली की समस्या पर भी निगाह रखें
मेहता ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे गांवों और शहरों में भ्रमण के
दौरान क्षेत्र में पानी-बिजली से संबंधित समस्याओं के बारे में भी फीडबेक
लें और स्वयं के स्तर पर भी निरीक्षण करते रहें और समस्या पाए जाने की
स्थिति में पानी-बिजली के महकमों से संबंधित अधिकारियों को तत्काल मोबाइल
पर अवगत कराएं।
एक्शन मोड में रहकर तत्काल समाधान की आदत डालें
इस बारे में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लि. तथा जन स्वास्थ्य
अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियन्ताओं को जिला कलक्टर ने पाबंद किया
कि जिले में पानी-बिजली से संबंधित समस्या की जानकारी मिलने पर त्वरित
एक्शन लेते हुए निस्तारण करें और इस बारे में सभी अधीनस्थ अधिकारियों एवं
कर्मचारियों को निर्देशित करें कि तुरन्त समाधान के लिए प्रो एक्टिव मोड
में रहकर काम करें।
—000—
चिकित्सा सर्वे टीमों द्वारा घर-घर पहुंचकर ली जा रही है सेहत की जानकारी
जैसलमेर, 11 अप्रेल/ कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के
ऎहतियाती उपाय जिले भर में सुद्ध स्तर पर जारी हैं। इसी के अन्तर्गत
पोकरण के समीप बड़ली मांडा गांव में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभागीय
अधिकारियों के निर्देशन में विभिन्न टीमों ने शनिवार को घर-घर पहुंचकर
मेडिकल सर्वे कार्य को अंजाम दिया। टीमों ने घर-घर जाकर विभिन्न परिवारों
की सेहत के बारे में जानकारी ली और खासकर खाँसी, जुकाम और बुखार तथा साँस
संबंधित रोगों के बारे में फोकस किया।
—000—
जैसलमेर के थोक विक्रेताओं को निर्देश,
प्रपत्र – अ को भरकर 14 अप्रेल तक कराएं जमा
जैसलमेर, 11 अप्रेल/राजस्थान सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा
3 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कोविड 19 के कारण लॉकडाउन के
मद्देनज़र आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी थोक
विक्रेताओं से खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की 10 अप्रेल 2020 को जारी
अधिसूचना की अनुसूची में शामिल वस्तुओं के गोदाम एवं व्यापार स्थलों की
सूचना को प्रपत्र – ए में देने के लिए निर्देशित किया है।
इस बारे में जिला रसद अधिकारी भागुराम महला ने जैसलमेर जिला मुख्यालय के
सभी थोक विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि अनुसूची में सम्मिलत वस्तुओं
का व्यापार करने वाले सभी थोक विक्रेता प्रपत्र – अ को पूरी तरह भरकर 14
अपे्रल, मंगलवार शाम 5 बजे तक जिला कलक्ट्री परिसर स्थित जिला रसद
अधिकारी कार्यालय में आवश्यक रूप से जमा कराएं।
chandan singh bhati
7597450029