मित्तल हाॅस्पिटल के न्यूरो सर्जन डाॅ सिद्धार्थ वर्मा व ईएनटी स्पेशियलिस्ट डाॅ रचना जैन ने की बिना चीरफाड़ के सर्जरी
अजमेर, 2 8 अगस्त( )। सिर में दर्द, बदन में कमजोरी और आंखों से दिखाई कम देने की तकलीफ भुगत रहे सोमलपुर निवासी आलम खान का ब्रेन ट्यूमर (पिट्यूटरी ग्रंथि) दूरबीन के जरिए नाक के रास्ते निकाल दिया गया। बिना चीरफाड़ के यह इलाज मित्तल हाॅस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर अजमेर में हुआ। दिमाग व रीढ़ की हड्डी के विशेषज्ञ (न्यूरो सर्जन) डाॅ. सिद्धार्थ वर्मा और कान- नाक- गला रोग विशेषज्ञ डाॅ रचना जैन ने रोगी के लम्बे समय से चली आ रही परेशानी का एक ही दिन में निदान कर दिया। रोगी को आॅपरेशन के दूसरे ही दिन हाॅस्पिटल से छुट्टी दे दी गई।


मित्तल हाॅस्पिटल के न्यूरो सर्जन डाॅ सिद्धार्थ वर्मा की माने तो रोगी के पिट्यूटरी ग्रंथि में बड़ा ट्यूमर लगभग 4.2 सेमी. गुणा 3.2 सेमी. का था। इसे चिकित्सकीय भाषा में जायट पिट्यूटरी एडीनोमा कहा जाता है। डाॅ वर्मा के अनुसार यह ट्यूमर आंखों की नसों को दबा रहा था। जिससे रोगी को दिखना कम हो रहा था और रोगी के हाॅर्मोन अनियंत्रित होने से कमजोरी व अन्य तकलीफें हो रही थीं। जांच कराने पर मरीज के शरीर में काॅर्टिसोल व ग्रोथ हाॅर्मोन की कमी भी पायी गई। रोगी के सम्पूर्ण इलाज के लिए कान-नाक-गला रोग विषेशज्ञ डाॅ रचना जैन का परामर्श लिया गया और दूरबीन के द्वारा नाक के रास्ते से ट्यूमर तक पहुंचा गया। तकरीबन तीन घंटे चले बिना चीरफाड़ वाले आॅपरेशन में रोगी के दिमाग से ट्यूमर को सफलता पूर्वक निकाल दिया गया। रोगी अब पूर्ण स्वस्थ है। इस आॅपरेशन में डाॅ वर्मा व डाॅ रचना जैन के अलावा निश्चेतना विशेषज्ञ डाॅ अनुराग नेल्सन व नर्सिंग कर्मी आमिर, हेमा व भगवान का योगदान रहा।
क्या होता उपचार नहीं मिलता तोः-
रोगी को उपचार नहीं मिलने पर उसके आंखों की रोशनी चली जाती, रोगी को बेहोशी आ सकती थी और आखिर जान का खतरा हो सकता था।
क्या है पिट्यूटरी ग्रंथिः-
यह एक अन्तः स्त्रावी ग्रंथि है जो कि दिमाग(ब्रेन) के निचले हिस्से में होती है। यह सामान्यतः मटर के दाने के समान होती है जो कि विभिन्न प्रकार के हार्मोन को स्त्रावित करती है। यह हार्मोन अन्य ग्रंथियों के हार्मोन को नियंत्रित करते हैं जिनसे शरीर के सामान्य क्रियाकलाप होते हैं।
अत्याधुनिक तकनीक एवं दूरबीन से जांच की है सुविधा:—
निदेशक मनोज मित्तल ने बताया कि मित्तल हाॅस्पिटल में सभी सुपरस्पेशियलिटी सेवाओं जैसे हृदयरोग, कैंसर रोग, न्यूरो सर्जरी, गुर्दारोग, पथरी, प्रौस्टेट एवं मूत्र रोग में आयुष्मान भारत महात्मागांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत निःशुल्क उपचार उपलब्ध है। विभिन्न रोगों में अत्याधुनिक तकनीक एवं दूरबीन से जांच, कैंसर के सभी प्रकार के आॅपरेशन एवं थैरेपी की सुविधाएं भी यहां है।