
पूर्व शिक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वासुदेव देवनानी ने राहुल गांधी पर तंज कसा है। देवनानी ने कहा कि कांग्रेस अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है जबकि उसके पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ही देश से गायब है। राहुल का पार्टी के स्थापना दिवस पर भी देश छोडकर विदेश जाना कांग्रेस और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के लिए किसी दुर्भाग्य से कम नहीं है। जो पार्टी के नहीं हो सके वो देश का क्या होंगे?
देवनानी ने कहा कि राहुल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्हें कांग्रेस का एक धडा पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के लिए आमाद है जबकि उनका पार्टी स्थापना दिवस पर भी विदेश चले जाना कांग्रेस और कांग्रेसियों के लिए निश्चित ही विचारणीय प्रश्न है। वे अपनी ही पार्टी के प्रति गंभीर नहीं हो सके तो देश की जनता के प्रति कितना गंभीर होंगे इसका अनुमान स्वतः ही लगाया जा सकता है।
देवनानी ने कहा कि कांग्रेस भले ही अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही हो लेकिन राहुल एवं गांधी परिवार की इन हरकतों से कांग्रेस का डूबना पक्का है। जनता कांग्रेस को पूर्ण तरह से नकार चुकी है। यहां तक कि कांग्रेस में भी दबे जुबां से गांधी परिवार के प्रति आवाज उठने लगी है। शरद पॅवार को यूपीए का नेतृत्व देने की बात इसकी बानगी है। जिस गति से कांग्रेस का ग्राफ गिर रहा है उससे देश का कांग्रेस मुक्त होना तय है।
किसान आंदोलन की अगुवाई करने वाले अब देश छोड भागे
किसान आंदोलन की अगुवाई करने वाले अब देश छोड विदेश भाग रहे हैं। अपनी खिसकी जमीं बचाने के लिए देश की जनता को उकसाना और उन्हें बीच में छोड भाग छूटना यह राहुल की फितरत में है। किसान आंदोलन का पहले अगुवाई करने का ढोंग करना और देशभर में किसानों के बीच छवि धूमिल होती देख राहुल का विदेश भाग जाना इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। राहुल की ओर से ऐसा पहली बार किया जा रहा है ऐसा नहीं है हर बार जनता को बीच में छोड भागना उनकी आदत में है जिसे अब जनता पहचान गई है।