केंद्रीय बजट को रालोपा पूरी तरह से निराशाजनक बताया है. रालोपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट विजय पाल राव ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मोदी सरकार जन आकांक्षाओं को पूरा कर पाने में विफल रही है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जनता को झुनझुना पकड़ाने का काम किया है.
विजय पाल राव ने कहा कि मोदी टू का दूसरा बजट झूठ और जुमलों की पुड़िया है. देश की जनता मोदी टू के दूसरे बजट से बड़ी आस लगाये बैठी थी, लेकिन वित्त मंत्री जी के बजट ने देश की जनता के उम्मीदों पर पानी डाला है. आदिवासियों के लिये बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं दिया जाना दुखद है. बजट में युवाओं के लिये रोज़गार शब्द का ज़िक्र तक नहीं? देश की गिरती अर्थव्यवस्था, बढ़ती महंगाई, रोजगार की विकराल समस्या, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों के आमदनी बढ़ाने एवं कृषि क्षेत्र में लागत कम करने, सस्ती शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा और उद्योग जगत को मजबूत नीति देने में मोदी सरकार असफल सिद्ध हुई है. बीते 6 साल में मोदी सरकार के द्वारा एक भी बड़ा ऐसा प्रोजेक्ट नहीं लाया गया, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिल सके. आम जनता के जेब में पैसा कैसे आएगा इसकी गुंजाइश बजट में नजर नहीं आई ?