नलकूप पूजन कर लिया जल संरक्षण का संकल्प

उदयपुर, 22 मार्च। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देबारी में अंतर्राष्ट्रीय जल दिवस अनूठे तरीके से मनाया गया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य नंदलाल शर्मा के सानिध्य में विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थियों ने अभिनव पहल की। राष्ट्रीय कवयित्री दीपिका माही ने विद्यालय परिसर में बने कुआ व नलकूप का पूजन किया। माही ने एक रचना के जरिए विद्यार्थियों को जल का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की पहचान कभी सूखा क्षेत्र के रूप में हुआ करती थी। लोगों को पीने का पानी भी आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता था मगर आज लोगों की जागरूकता और सरकार की ओर से चलाई जा रही जल संरक्षण जैसी योजनाओं के कारण पेयजल संकट समाप्त हो गया है। इस विद्यालय में भी कुछ साल पहले तक पेयजल संकट था। मार्च आते ही विद्यालय स्टाफ को चिंता सताने लगती थी और टैंकर के जरिए पीने का पानी मंगवाया जाता था। गत वर्ष विद्यालय में वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने के बाद पेयजल समस्या समाप्त हो गई। वर्षा जल संरक्षित करना हर नागरिक का दायित्व है। मूलभूत आवश्यकतों में शुमार जल हमारे लिए देवता हैं इसी के चलते विद्यालय ने यह पूजन किया। पूजन के पश्चात जल का दुरुपयोग रोकने और संरक्षण के लिए सभी ने प्रतिज्ञा ली।

error: Content is protected !!