केकड़ी 5 अप्रैल(पवन राठी) अखिल भारतीय वैष्णव ब्राह्मण महासभा अजमेर ने राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर गत 3 अप्रेल शनिवार को दौसा जिले की महुवा तहसील के टिकरी गांव के पुजारी किसान शंभूलाल शर्मा की गांव के कुछ दबंगो व बाहुबलियों द्वारा मन्दिर माफी डोली भूमि हडपने के लिए निर्मम हत्या करने की निंदा की है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुन्दर नरहरियानंदी हरिद्वार व राष्ट्रीय महासचिव बिरदीचन्द वैष्णव ने मुख्यमंत्री से सख्त कार्यवाही कर मुजरिमों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि आपके शासन में करौली हत्याकांड के बाद पुजारी की हत्या का चार माह बाद यह दूसरा मामला है। भूमाफियाओं द्वारा स्थानीय नेताओं तथा अधिकारियों से मिलीभगत कर पुजारियों को परेशान कर जमीन हड़पने का षड्यंत्र किया जा रहा है तथा प्रशासन मूकदर्शक बैठा है।
वैष्णव ने कहा है कि इस तरह पुजारियों पर कब तक अत्याचार होते रहेंगे। पुजारी को भी प्रजातंत्र में जीने का मौलिक अधिकार है। सरकार को चाहिए कि मन्दिर डोली भूमि पर शीघ्र निर्णय लेकर पुजारियों को खातेदारी अधिकार दें। इस सन्दर्भ में पूर्व में भी समाज के कई संगठनों ने सरकार को ज्ञापन दिए तथा वार्ताएं की है किंतु न्यायसंगत निर्णय अब तक नहीं हुआ जिससे पुजारियों में रोष व्याप्त है।
पत्र पर केकड़ी के ओमप्रकाश वैष्णव, बजंरगदास वैष्णव, बिरदीचन्द वैष्णव, गोपाललाल वैष्णव, भैरुदास, जगदीशदास, श्रीराम, कृष्णगोपाल, परमेश्वर, रमेश, गणेश व दिनेश आदि ने हस्ताक्षर कर निंदा की है।