पालिकाध्यक्ष साहू ने यू टर्न लेते हुए कहा सभी वार्डो में होगा विकास

केकड़ी 25 मई (पवन राठी)
नगर पालिका में बोर्ड गठन के बाद विकास कार्यों का शुभारंभ ही विवादों में घिर जाएगा यह किसी ने सोचा नहीं था। बोर्ड द्वारा जारी विकास कार्यों की पहली ही सूची में भाजपा के वार्ड गायब ! ये अच्छी परम्परा नहीं है। यहां भी राजनीति, जब विकास कार्यों को लेकर ही राजनीति होने लगे तभी समझ लेना चाहिए यह शहर के विकास के लिए शुभ संकेत नहीं। मुझे नहीं मालूम इसके पीछे कांग्रेस की क्या रणनीति है, मगर यह दावे के साथ कह सकता हूं की कांग्रेस के इस कृत्य की शहर में कहीं प्रशंसा नहीं है, सब इसे राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का दूषित रूप बता रहे हैं। कड़ी से कड़ी जोड़कर शहर वासियों ने बड़ी उम्मीद के साथ कांग्रेस का बोर्ड बनाया चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस ने केकड़ी को स्मार्ट सिटी बनाने का आश्वासन भी दिया था इसलिए नहीं कि बोर्ड बनने के बाद कांग्रेस अपने वार्डों में तो विकास कराए और भाजपा के वार्डों में नहीं। जब इस प्रकार की राजनीति की शुरुआत हो गई तो कई लोगों के मन में फर्क आ जायेगा, लोगों की सोच बदल जाएगी। शहर के लोग समझ बैठे हैं कि कांग्रेस का बोर्ड बन गया है अब हर वार्ड में विकास के कार्य होंगे, शहर विकास पथ पर चल पड़ेगा। लेकिन नगर पालिका प्रशासन द्वारा जारी की गई विकास कार्यों की पहली सूची में दोहरा मापदंड देखने को मिला। भाजपा पार्षदों के सभी 17 वार्डों में एक रुपये का भी विकास नहीं। राजनीति होनी चाहिए मगर विकास के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। नगर पालिका द्वारा विकास कार्यों की सूची में भाजपा के वार्डों की छटनी कर उन्हें काम न देना किस प्रकार की राजनीति है और इससे क्या हासिल होना है। लोगों का कहना है कि अगर कांग्रेस इस घटनाक्रम पर खुश हो रही है तो वो गलत है इससे कुछ हासिल होने वाला नहीं उल्टा नुकसान ही है। बैठे बिठाए कांग्रेस ने भाजपा को मुद्दा दे दिया है। पालिका प्रशासन द्वारा निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया में भाजपा पार्षदों को दरकिनार करना अपरिपक्वता को दर्शाती है। शहर में चारों ओर इस विषय पर चर्चा रही, लोग हैरान हैं कि ऐसा भी हो सकता है क्या। उन वार्डवासियों का क्या कसूर जिन्होंने यह समझ कर वोट दिया था कि कांग्रेस का पार्षद बनेगा, अब वो नहीं जीता तो इसमें वार्डवासियों का क्या कसूर, इन्हें विकास से क्यों महरूम रखा जा रहा है। कई वार्डों में केवल 20-30 के अंतराल से कांग्रेस-भाजपा जीती है। इस बारे में पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू ने सोमवार के अपने बयान से यू टर्न लेते हुए मंगलवार को कहा कि कहीं, कोई भेदभाव नहीं होगा। अगले महीने शेष बचे वार्डों की विकास सूची जारी करेंगे। उन्होंने बताया कि चालीस वार्डों में विकास कार्य होंगे। केकड़ी साफ सुथरा व सुंदर होगा व स्मार्ट सिटी की तरह विकसित होगा। शहर के चहुमुंखी विकास के लिए विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त मामले में विवाद जैसी कोई बात नहीं है मैंने तो पार्षद साथियों को उसी समय बता दिया था कि अगले महीने आपके वार्डो की कार्य सूची जारी कर दी जाएगी, लेकिन वो लोग माने नहीं और राजनीतिक बात करने लगे। उधर भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस की सोच में ही खोट है, इसलिए विकास कार्यों की सूची में भाजपा के वार्ड नदारद हैं। पालिका के नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी का कहना है कि जब तक पालिका प्रशासन सभी वार्डों में समान कार्यो की सूची जारी नहीं कर देता तब तक आंदोलन जारी रहेगा, उन्होंने बताया कि हमें ईओ साहब ने सात दिन का समय दिया है, समस्या का हल हो जाता है और भाजपा के वार्डों में भी कार्य शुरू हो जाते हैं तो अच्छी बात है वरना हम कोरोना गाइडलाइन की पालना करते हुए धरना, प्रदर्शन कर आंदोलन करेंगे।

error: Content is protected !!