शिक्षा विभाग में 25 वर्ष तक दी सरकारी सेवाएं
ब्यावर। शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा राजकीय सेवाओं से सेवानिवृत्त हुए। शिक्षा विभाग को 25 साल तक अमूल्य व उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय में वरिष्ठ सहायक पद से इनकी सेवानिवृत्ति हुई। सरकारी कार्य हो या समाज सेवा से जुड़ा कोई कार्य, शर्मा हर काम में हमेशा अग्रणी रहे। हर दिन का कार्य उसी रोज पूरा करना इनकी आदत में शुमार है। यही कारण रहा कि उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए इन्हें पंचायत व उपखण्ड स्तर पर कई बार सम्मानित किया गया। सामाजिक क्षेत्र में कई बार सम्मानित किए गए। इनके बखूबी कार्य का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी इनके काम की सराहना कर चुकी हैं।
एसएन शर्मा ने नौकरी की शुरूआत वर्ष 1980 से की थी। पहली बार देश की सबसे बड़ी कपड़ा मिल एडवर्ड मिल में लिपिक के रूप में कार्य किया। करीब 16 साल का लंबा समय इस मिल में बिताया और गरीब-मजदूरों की भलाई के लिए हर संभव मदद की। इससे बाद लगन और अथक प्रयासों से मार्च 1996 में राजकीय सेवा की शुरूआत हुई। प्रथम नियुक्ति टोंक में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में कनिष्ठ लिपिक के पद पर हुई। 13 माह तक इस पद पर रहने के बाद अजमेर जिले की मसूदा डायट में कार्यभार संभाला। करीब पांच साल तक आठवीं बोर्ड परीक्षा प्रभारी रहे। इसके बाद मई 2002 से अक्टूबर 2014 तक ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय जवाजा में सेवाएं दी। 10 अक्टूबर 2014 से ब्यावर की राजकीय पटेल स्कूल में बखूबी कार्य संपादन किया।
हाल ही चंद रोज पहले पूरे देश में सत्यनारायण शर्मा के कार्य की खूब चर्चा हुई। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए शर्मा ने अपने पूरे परिवार का टीकाकरण करवाकर वैक्सीनेटेड फैमिली की पहल कर मिसाल कायम की। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित देश के कई बड़े नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों लोगों ने इस अनूठी पहल की सराहना की।
शर्मा की सेवानिवृत्ति पर शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी संघ, शिक्षक संघ राष्ट्रीय, राजस्थान मंत्रालयिक कर्मचारी परिषद, कर्मचारी महासंघ, पत्रकार संघ और पटेल स्कूल परिवार ने इन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं साफा व माला पहनाकर अभिनंदन किया। इस मौके पर शर्मा के कार्यकाल को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि एसएन शर्मा कर्मठ कर्मवीर एवं ईमानदार व निष्ठावान हैं। मानवता के पुजारी व कर्मचारी हितैषी हैं। इन्होंने अपनी सेवाओं से हजारों कर्मचारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया।
पटेल स्कूल संस्था प्रधान राजेश जिंदल, शिक्षक संघ राष्ट्रीय जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रजापति, गुरुशरण गोयल, विष्णु गोयल, केवलचंद फुलवारी, खीमराज कटारिया, राजस्थान कर्मचारी महामंघ के संगठन मंत्री गौतम सोलंकी, शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष डॉ. वर्धमान जैन, ब्यावर शाखा अध्यक्ष सुरेंद्र कोठारी, मुकेश शर्मा, रमेश धाबाई, ललित शर्मा, सोमेश भाटी, महेंद्र शर्मा, निधि जैन, रेखा चौहान, रोहित जैन, पंकज बंसल, राजेंद्र शर्मा, पुष्कर नारायण अरोड़ा, अभिजीत शर्मा, गोपाल सिंह, रोहित प्रजापति, रामसिंह, कंकूदेवी, प्रेमचंद भाटी, सूर्यवीर सिंह, राजेश कुमार, पार्षद राजेश शर्मा, पार्षद संतोष शर्मा, अजय शर्मा, हिन्दू क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद सोनी, वरिष्ठ नागरिक जगदीश वर्मा, मीडिया जगत से विष्णु धीमान, राधेश्याम दर्जी, बबलू अग्रवाल, कमल जलवानियां, परिवार के सुमित सारस्वत, अमित सारस्वत, प्रवीण मकाणा, मोहित अरोड़ा, राहुल सोनी, मनीष जांगड़ा सहित विभिन्न संस्थाओं और संगठनों ने शर्मा के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दी।