अजमेर, 11 जुलाई। किसी भी गंभीर बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति को अस्पताल पहुंचने तक एम्बुलेंस में सभी सुविधाएं उपलब्ध हो जाएं, इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए एक क्रिटिकल केयर एम्बुलेंस की सेवा रविवार से शुरू हो गई है। इस एम्बुलेंस को पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने पूजा-अर्चना के साथ जनता को समर्पित किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पंचशील के लिए खरीदी गई इस अत्याधुनिक सुविधायुक्त एम्बुलेंस के लिए विधायक देवनानी ने विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से 17 लाख रूपए दिए। उन्होंने पुलिस लाइन स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित समारोह में जनता को एम्बुलेंस समर्पित की। विधायक देवनानी ने कहा है कि उन्होंने जनता की सेवा में कोई कमी नहीं आने दी है और भविष्य में कमी नहीं आने देंगे। उनके लिए जनता के हित सर्वोपरि हैं।
देवनानी ने कहा कि कोरोनाकाल में जब मरीजों की संख्या दिनों-दिन बढ़ रही थी और गंभीर मरीजों को जल्द से जल्द अस्पताल ले जाने की जद्दोजहद हो रही थी। अस्पताल ले जाते समय भी मरीज को ऑक्सीजन आदि दिए जाने की जरूरत महसूस हो रही थी, ऐसे समय में अनेक लोग अपने परिजन को अस्पताल ले जाने में खुद को असहाय महसूस कर रहे थे। जो एम्बुलेंस थीं, वे भी दिन-रात दौड़ रही थीं। फिर भी अनेक लोगों को समय पर एम्बुलेंस की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। अनेक लोग बीमार परिजन को अन्य साधनों से ले जा रहे थे, जिससे उन्हें अस्पताल पहुंचने तक परेशानी उठानी पड़ रही थी। साधारण वाहनों में गम्भीर मरीजों को अस्पताल ले जाने में जान को खतरा बना रहता था। प्राइवेट एम्बुलेंस वाले मनमाना किराया वसूल रहे थे, जिसे हर कोई वहन करने की स्थिति में नहीं था। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सभी अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं से युक्त क्रिटिकल केयर एम्बुलेंस खरीदने के लिए विधायक कोष 17 लाख की मंजूरी दी।
उन्होंने कहा कि इस क्रिटिकल केयर एम्बुलेंस में वाईपेप मशीन, के अलावा एक ऐसा मीटर है, जो सारे पैरामीटर्स के आधार पर मरीज की निगरानी रख सकता है। इसी में ऑक्सीजन की सुविधा भी है। यानी अब किसी भी गंभीर रोगी को अस्पताल ले जाने तक इस एम्बुलेंस में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। उल्लेखनीय है कि इसके पहले भी देवनानी ने कोरोनाकाल में विधायक कोष से चिकित्सकीय उपकरणों के लिए एक करोड़ रूपए, ऑक्सीजन प्लांट के लिए 54 लाख रूपए, ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर के लिए 21 लाख रूपए, एम्बुलेंस के लिए 24 लाख रूपए, ऑक्सीमीटर के लिए एक लाख रूपए, युवाओं को वैक्सीनेशन के लिए 3 करोड़ रूपए दिए हैं। इसके अलावा विधायक सेवा केंद्र के माध्यम से निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, घर बैठे वांछित दर पर मेडिकल दवाइयां पहुंचाने, क्वारेंटाइन लोगों को भारत विकास परिषद के सहयोग से दोनों समय भोजन उपलब्ध कराने और घर पर इलाज करा रहे लोगों को निशुल्क ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर मशीनें उपलब्ध कराने, विभिन्न क्षेत्रों में सेनिटाइरज मशीनों से हाईपो क्लोराइड का छिड़काव कराने जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी दी हैं।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के. सोनी, डॉ. ज्योत्सना रंगा, शहर भाजपा के उपाध्यक्ष जयकिशन पारवानी, वरिष्ठ भाजपा नेता सीताराम शर्मा, शहर भाजपा के महामंत्री व पार्षद रमेश सोनी, शहर जिला मंत्री राजेश शर्मा, पार्षद राजेंद्र राठौड़, पूर्व पार्षद व बजरंग मंडल के अध्यक्ष महेंद्र जादम, पूर्व पार्षद जे.के. शर्मा आदि भी मौजूद रहे।