आज दिनांक 14 जुलाई 2021 – सर्व धर्म मैत्री संघ अजमेर के तत्वावधान में महावीर सर्किल स्थित कीर्ति स्तंभ के प्रांगण में सर्वधर्म मैत्री संघ के विभिन्न पदाधिकारियों के द्वारा जैन आचार्य श्री विद्यासागर जी के चौपन वे संयम दिवस पर गुणानुवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
कार्यक्रम में सर्व धर्म मैत्री संघ के अध्यक्ष प्रकाश जैन पाटनी ने बताया कि लगभग 54वर्ष पूर्व विद्याधर जी कि युवावस्था में इसी स्थान पर दीक्षा हुई थी फलस्वरूप वे विद्याधर से विद्यासागर के रूप में जनप्रिय बने जो कि जैन समाज के साथ-साथ संपूर्ण अजमेर के लिए भी हर्ष एवं गौरव का विषय रहा है ।
आचार्य श्री विद्यासागर जी के मार्गदर्शन में संपूर्ण राष्ट्र में कई सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं जिनमें से कुछ प्रमुख हैं छात्राओं की शैक्षिक व्यवस्था के लिए प्रतिभा स्थलियों का निर्माण करवाया गया है । स्वास्थ्य रक्षा के प्रकल्पों के रूप में पूर्णायु संस्थान तथा हथकरघा के माध्यम से निर्मित स्वदेशी वस्त्र निर्माण ,न केवल राष्ट्र उन्नति का कार्य कर रहे हैं अपितु रोजगार के क्षेत्र में भी मील के पत्थर साबित हो रहे हैं ।
महाराज श्री के द्वारा लगभग 350 से अधिक मुनियों एवं आर्यिकाओं को दीक्षा प्रदान की गई है । जो कि जैन धर्म एवं संस्कृति को सजीव रखने के लिए कल्पनातीत कार्य कर रहे हैं ।
इस अवसर पर महावीर सर्किल स्थित संयास आश्रम के प्रमुख महंत श्री शिव ज्योतिष आनंद जी महाराज के द्वारा विद्याधर जी महाराज के द्वारा की गई तपस्या और संयम के ऊपर विशेष प्रकाश डाला गया संयास आश्रम के बटुको ने इस अवसर पर वैदिक मंत्र उच्चार कर आचार्य श्री के प्रति अपनी श्रद्धा भावना प्रकट की ।
डॉ. राकेश कटारा के द्वारा आचार्य श्री की राजस्थान में विभिन्न स्थानों पर किए गए प्रवासों संबंधित संस्मरणों को साझा किया ।
फादर कासमस शेखावत, सरदार कश्मीर सिंह अध्यक्ष पेंशनर समाज, भौतिक शिक्षा विद् जगजीत सिंह सोखी द्वारा भी विद्यासागर जी महाराज के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला गया।
(प्रकाष जैन)
मो.9829332777