रीट अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सरकार सभी एहतियाती उपाय करे

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 23 सितंबर। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने कहा है कि 26 सितंबर को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (रीट-2021) के लिए सरकार को वह सभी एहतियाती उपाय करने चाहिए, जिससे इसमें शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
देवनानी ने गुरूवार को जारी बयान में कहा कि एक ही दिन में यह बड़ी परीक्षा हो रही है, जिसमें प्रदेशभर के लाखों अभ्यर्थी शामिल होने वाले हैं। महिला अभ्यर्थियों को छोड़कर कमोबेश सभी अभ्यर्थियों को दूसरे जिलों में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं, जिससे उन्हें जाने-आने के लिए रेलों और बसों की पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए। रेलवे प्रशासन से बात कर स्पेशल रेलगाड़ियां चलवाई जाएं और जो रेलगाड़ियां चल रही हैं, उनमें अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था कराई जाए। रोडवेज प्रबंधन से पर्याप्त संख्या में बसें चलाने के लिए कहा जाए। यदि रोडवेज बसों की समुचित व्यवस्था नहीं होती है, तो तुरंत प्रभाव से प्राइवेट बसें और प्राइवेट स्कूल-काॅलेजों की बसें अधिग्रहित कर चलवाई जाएं। पुलिस प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद किया जाए, ताकि अजमेर शहर सहित किसी भी शहर में अभ्यर्थियों को आने-जाने में परेशानी नहीं हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारू रूप से चलती रहे, ताकि आम नागरिकों को भी किसी तरह की परेशानी नहीं हो। अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या होने के कारण कहीं भी कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं हो, इसके लिए भी समुचित प्रबंध किए जाने चाहि।
देवनानी ने कहा कि परिवहन विभाग को सभी शहरों और कस्बों में लोकल परिवहन के साधनों पर अभ्यर्थियों से ज्यादा किराया वसूली नहीं की जाए, इस पर निगरानी रखने के लिए पाबंद किया जाए। सभी तरह के लोकल परिवहन साधनों के लिए किराया सूची जगह-जगह चस्पा कराई जाए। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर परिवहन विभाग के कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि अभ्यर्थियों से जयादा वसूली नहीं की जा सके। उन्होंने कहा, हालांकि अजमेर व अन्य शहरों में परीक्षा से एक दिन पहले 25 सितंबर को बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को निशुल्क ठहरने के लिए रैन बसेरों और अन्य आश्रय स्थलों में व्यवस्थाएं की गई हैं, लेकिन इस तरह की व्यवस्थाएं सभी जिलों में कराई जाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री से सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को 25 सितंबर की रात यह निगरानी रखने के लिए पाबंद करने की मांग की है कि बाहर से आने वाला कोई भी अभ्यर्थी फुटपाथ, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर खुले में नहीं सो पाए। उन्होंने कहा कि इन दिनों बारिश का मौसम है और रात में मौसम ठंडा हो जाता है। साथ ही जहरीले जीवों के बिलों से निकलने का डर बना रहता है।
अजमेर उत्तर में पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर को वार्ड व शक्ति केंद्र स्तर पर मनाई जाएगी
-देवनानी ने पार्षदों, मंडल अध्यक्षों व अन्य पदाधिकारियों की बैठक में बनाई कार्यक्रम की रूपरेखा
-सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी निभाने का किया आह्वान

अजमेर, 23 सितंबर। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती वार्ड और शक्तिकेंद्र स्तर पर मनाई जाएगी। इसमें पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी।
पूर्व शिक्षामंत्री व विधायक अजमेेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पार्षदों, मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों और मोर्चाें के पदाधिकारियों की बैठक में पं. उपाध्याय की जयंती मनाने की रूपरेखा तय की। उन्होंने कहा कि वार्ड और शक्ति केंद्र स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में वार्ड और शक्ति केंद्र के सभी संबंधित पार्षदों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने से ही पार्टी मजबूत होती है। साथ ही कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि यही नहीं, पार्टी के हर कार्यक्रम में पार्षद और संगठन के पदाधिकारी जरूर जाएं। इससे ना केवल कार्यक्रम सफल होता है, बल्कि कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों को उनसे संवाद करने का मौका भी मिलता है। सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी में समय का समर्पण करना जरूरी है, तभी पार्टी आगे बढ़ती है और पार्टी की आमजन में साख बढ़ती है।
इस मौके पर शहर भाजपा के उपाध्यक्ष जयकिशन पारवानी, महामंत्री रमेश सोनी, मंत्री राजेश शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष व पार्षद भारती श्रीवास्तव, पार्षद ज्ञान सारस्वत, दाहरसेन मंडल अध्यक्ष व पार्षद दीपेंद्र लालवानी, बजरंग मंडल अध्यक्ष महेंद्र जादम, पृथ्वीराज मंडल अध्यक्ष प्रकाश बंसल, पार्षद प्रतिभा पाराशर, पार्षद सुभाष जाटव, राजू साहू, वीरेंद्र वालिया, अतीश माथुर, अशोक मुद्गल, राजेंद्र राठौड़, अंजलि ढन्जा, रिंकू जादम, दाहरसेन मंडल महामंत्री सत्येंद्र कुमार शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल जयसवाल, राजकुमार ललवानी, गंगाराम सैनी, लवलेश बंसल, विक्रमसिंह राठौड़, भगवानसिंह आदि उपस्थित थे।
नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ
अजमेर, 23 सितंबर। पूर्व शिक्षामंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को वार्ड 80 में आशापुरा नगर स्थित शीतला माता मंदिर के पास 10 लाख रूपए की लागत नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। पार्षद धर्मेन्द्रसिंह पंचम ने देवनानी का स्वागत किया। इस मौके पर भोलानाथ आचार्य, रतनसिंह, आशीष शर्मा, पं. दिव्य प्रकाश, शकुंतला चैहान, मंजुला सिसोदिया आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!