भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता पाना नहीं, जनता की सेवा करना है-देवनानी

-शहर भाजपा दाहरसेन मण्डल कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पास, केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान, राज्य में कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों की आलोचना, कृष्ण गंज थाने का विभाजन कर नया थाना बनाने की मांग
अजमेर, 2 जनवरी। पूर्व शिक्षा मंत्री और अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता पाना ही नहीं है, बल्कि जनता की सेवा करना है।
देवनानी रविवार को वैशाली नगर स्थित सत्यम पैलेस समारोह स्थल में शहर भाजपा दाहरसेन मंडल की कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपना उद्देश्य कभी भी केवल शासन करना नहीं रखा। भाजपा का असली उद्देश्य सामाजिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं की रक्षा करते हुए देश और समाज की परिस्थितियों में परिवर्तन लाना है। भाजपा का मूल मकसद देश की स्थिति में सुधार करना और लोगों की भलाई करना है।
उन्होने कहा कि 24 जुलाई, 1952 को जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग करने के लिए नेहरू-अब्दुल्ला समझौता हुआ। इसके अनुसार जम्मू-कश्मीर में परमिट प्रक्रिया से प्रवेश, दो प्रधान, दो विधान, दो निशान का प्रावधान किया गया। इसके विरोध में जनसंघ के संस्थापक डाॅ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने देशभर में आंदोलन किए और 11 मई, 1953 को बिना परमिट जम्मू-कश्मीर में प्रवेश किया। उन्हें बंदी बनाया गया, 23 जून, 1953 को डाॅ. मुखर्जी कश्मीर में शहीद हो गए। डाॅ. मुखर्जी के संकल्पों को साकार करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटाकर भारत के माथे पर दशकों पुराने कलंक को हटाया और वहां का पुलिस प्रशासन भारत सरकार के गृह मंत्रालय से जुड़ गया है। इससे आतंकवाद पर भी अंकुश लगा है।
भाजपा का चाहती है कि अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को केंद्र सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। भाजपा की मूल योजना अंत्योदय है, जिसमें गरीबों की भलाई परिलक्षित होती है। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे घर घर जाकर आम जनता को भाजपा की रीति नीति और केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दें, ताकि भाजपा और केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ कांग्रेसी द्वारा किए किए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब दिया जा सके। देवनानी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को राजस्थान में कांग्रेस की जनविरोधी जनविरोधी नीतियों के विरोध के लिए हर समय तैयार रहना चाहिए।
नगर निगम के पूर्व मेयर धर्मेंद्र गहलोत ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह पार्टी के लिए पूरे समर्पण के साथ काम करें। उन्होंने पार्टी द्वारा चलाए जा रहे आजीवन समर्पण निधि अभियान की जानकारी देते हुए इस बात पर जोर दिया कि मंडल स्तर पर पदाधिकारियों को आजीवन समर्पण निधि का जो लक्ष्य दिया गया है, उसे समय पर पूरा करें।
दाहरसेन मंडल के अध्यक्ष व पार्षद दीपेंद्र लालवानी ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए मंडल का कार्य विवरण पेश किया और आगामी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। मंडल के महामंत्री सत्येंद्र कुमार शर्मा ने राजनीतिक प्रस्ताव पढ़ा। इस प्रस्ताव में केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों का बखान किया गया है, साथ ही राजस्थान में कांग्रेस सरकार की जन विरोधी नीतियों की जमकर आलोचना की गई है। इस प्रस्ताव में राज्य सरकार से कृष्ण गंज थाने के कार्य क्षेत्र की परिधि में काफी वृद्धि हो जाने के कारण इसका विभाजन करते हुए नया थाना बनाने की मांग की गई है। उल्लेखनीय है कि पूरे राजस्थान में आज ही के दिन सभी मंडलों की कार्य समितियों की बैठकें एक साथ आयोजित की जा रही हैं।
बैठक के दौरान भाजपा के अग्रिम संगठनों के मंडल अध्यक्षों का देवनानी ने दुपट्टा उड़ा कर सम्मान किया। इनमें युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष कमलेश प्रजापति, महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष अनुराधा पारीक ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष जय किशन सोनी,किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शक्ति सिंह कच्छावा और एससी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष दीपक बारोलिया शामिल हैं।
बैठक में शहर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जय किशन पारवानी, पार्षद रमेश सोनी, मनोज मामनानी, वीरेंद्र वालिया, प्रतिभा पाराशर, सुलोचना शुक्ला, राजकुमार लालवानी, अरविंद पाराशर, विक्रम सिंह राठौड़, अनुपम गोयल, तुलसी सोनी, आशा शर्मा, नैना वर्मा, सुरेश नुवाल, विकास जैन आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!