अजमेर 28 मई। सम्राट पृथ्वीराज चैहान जयंती समारोह समिति की ओर से सम्राट पृथ्वीराज चैहान की 856 वी जयंती व अजमेर में तारागढ़ स्थित पृथ्वीराज स्मारक की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्राट पृथ्वीराज चैहान काव्य प्रतियोगिता में जयपुर के कवि नवीन कानूनगो प्रथम रहे। उन्हें 11000 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
काव्य प्रतियोगिता के संयोजक नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि द्वितीय स्थान पर शाहपुरा भीलवाडा के कवि कैलाश मंडेला व तृतीय स्थान पर अमेठी उत्तर प्रदेश के कवि अभिजीत त्रिपाठी रहे। इन्हें क्रमशः 7000 और 5000 की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी।
कोटा के 12 वर्षीय बाल कवि पार्थ शर्मा व वीरगंज नेपाल की तारा राखेचा को विशेष पुरस्कार स्वरूप 2100 की नकद राशि प्रदान की जाएगी। सांत्वना पुरस्कार के लिए अजमेर के कवि गोविंद भारद्वाज का चयन किया गया। उन्हें भी 2100 रुपए की नगद राशि प्रदान की जाएगी।
भारद्वाज ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, पश्चिम बंगाल आदि प्रांतों सहित विदेशों से भी कवियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कवियों के अलावा कवियत्रियो और बाल कवियों ने भी अच्छी संख्या में भाग लिया। इस प्रतियोगिता में सम्राट पृथ्वीराज चैहान की वीरता, इतिहास, जीवन चरित्र आदि पर स्वरचित रचना लिखित में व वीडियो के माध्यम से भिजवाई जानी थी। जिसमें 117 प्रतिभागियों ने अपनी रचना प्रेषित की।
निर्णायक मंडल के डॉ ज्योत्सना रंगा, डॉ अरविंद पारीक व कृपाल सिंह रावत ने कई घंटों लगातार बैठकर प्रतिभागी कवियों की रचनाओं को पढ़ा और विडियो देखकर निर्णय की घोषणा की।
सम्राट पृथ्वीराज चैहान जयंती समारोह समिति की हुई एक बैठक में लिए निर्णय अनुसार विजेता कवियों को शीघ्र ही होने वाले एक विशेष आयोजन में पुरस्कृत किया जाएगा। सभी कवियों को ई प्रमाण पत्र प्रेषित किए जाएंगे। साथ ही सभी प्रतिभागी कवियों की कविताओं को शामिल करते हुए एक पुस्तक का संपादन भी किया जाएगा।