सर्वसम्मति से सत्यपाल परमार को अध्यक्ष एवं ओम प्रकाश वर्मा को संयुक्त सचिव चुना गया
धौलपुर। जिला कलेक्ट्रेट स्थित सूचना जनसंपर्क कार्यालय में गुरुवार को जिले के पत्रकारों की एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें धौलपुर प्रेस क्लब का गठन किया गया। बैठक में उपस्थित सभी पत्रकारों ने सर्वसम्मति से सत्यपाल परमार को निर्विरोध अध्यक्ष चुना। इसके साथ ही जिला उपाध्यक्ष के पद पर जितेंद्र गुप्ता व वीरेंद्र रावत, महासचिव इंद्रेश शर्मा, सचिव मुन्ना फारुकी, संयुक्त सचिव ओम प्रकाश वर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश रस्तोगी और मीडिया प्रभारी सचिन सिंह को चुना गया। बैठक में धौलपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सत्यपाल परमार ने कहा कि जिले में उनकी सभी पत्रकारों को एकजुट में लाने की पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही जिले के सभी पत्रकारों की समस्याओं का निराकरण का प्रयास किया जाएगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि देश और प्रदेश में पत्रकारों को तमाम प्रकार की सुविधा भी मिल रही है, लेकिन धौलपुर जिले में अधिकांश पत्रकार अधिकांश सुविधाओं से वंचित हैं। जिसके लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन को पत्र लिखकर जिले के पत्रकारों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा और उनका समाधान भी करवाया जाएगा। नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष सत्यपाल परमार ने बैठक में कहा कि जल्द ही सभी पत्रकारों को धौलपुर प्रेस क्लब के आई कार्ड भी जारी किए जाएंगे, जिससे उन्हें शहर में विभिन्न समस्याओं से परेशान नहीं होना पड़े। जिलाध्यक्ष ने कहा कि धौलपुर में प्रेस क्लब के लिए नगर परिषद से जल्द ही एक भूमि भी स्वीकृत करवाई जाएगी, जिसमें जिले के व्यापारी, आमजन, पीड़ित सहित अन्य लोग आकर एक ही मंच पर अपनी समस्याओं को बता सकेंगे और उस समस्या को सभी पत्रकार अपने अपने प्रतिष्ठानों के माध्यम से सरकार व जिला प्रशासन से अवगत करा सकेंगे। इस मौके पर युसूफ खान, सत्येंद्र सिंह बघेला, दीपू वर्मा, अजय बिलोनिया, रमन शर्मा, खेमराज मीणा, पहलाद गर्ग, सचिन शैडवाल, उदय सिंह, मनोज कुशवाहा, रमाकांत सहित बड़ी संख्या में जिले के पत्रकार उपस्थित रहें।