अंतरमहाविद्यालयी प्रतियोगिताओं में ताइक्वांडो के 11 और बॉक्सिंग के 5 पदक किए नाम, विजेता छात्राओं का महाविद्यालय में अभिनंदन
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या पी.जी. महाविद्यालय की छात्राओं ने ताइक्वांडो एवं बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, मेहनत एवं खेल भावना का परिचय देते हुए विभिन्न भार वर्गों में पदक हासिल किए। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय में विजेता छात्राओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय द्वारा सोफिया कॉलेज में आयोजित 39वीं अंतरमहाविद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक प्राप्त किए, जिनमें 3 रजत एवं 8 कांस्य पदक शामिल हैं।
प्रतियोगिता में रुकसाना बानो ने 46 किलोग्राम, अफसाना बानो ने 49 किलोग्राम तथा सबीना बानो ने 73 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक प्राप्त किए। वहीं, मनीषा नवल ने 53 किलोग्राम, समीना ने 57 किलोग्राम, सुमन भाटी ने 62 किलोग्राम, सबीना बानो ने 73+ किलोग्राम व सुष्मिता ने 78 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किए। इसके अतिरिक्त, ताइक्वांडो टीम पुमसे प्रतियोगिता में मनीषा नवल, सुष्मिता एवं समीना ने कांस्य पदक प्राप्त कर महाविद्यालय की उपलब्धियों में चार चाँद लगाए।
इसी क्रम में प्राज्ञ कॉलेज, बिजयनगर में आयोजित बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 5 पदक अपने नाम किए, जिनमें 2 रजत एवं 3 कांस्य पदक शामिल हैं।
बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बीसीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा भाविका तुनगारिया ने 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रजत पदक तथा बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सुष्मिता जांगिड़ ने 75 से 80 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया। वहीं, एम.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा सबीना बानो ने 65 से 70 किलोग्राम, सुमन भाटी ने 60 से 65 किलोग्राम तथा बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा रुकसाना बानो ने 48 से 51 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किए।
दोनों प्रतियोगिताओं में छात्राओं की शानदार उपलब्धि पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेता छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं संघर्षशीलता का विकास करते हैं। समिति छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए सदैव प्रोत्साहित करती रहेगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने भी विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन एवं समर्पण से सफलता प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि उनके निरंतर अभ्यास एवं खेल भावना का परिणाम है। महाविद्यालय का प्रयास है कि छात्राओं को शिक्षा के साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर मिलें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्राएँ भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने सभी विजेता छात्राओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ताइक्वांडो एवं बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में छात्राओं की इन उपलब्धियों ने महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है और अन्य छात्राओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।