नई दिल्ली, अक्टूबर 2026- दुनिया की सबसे बड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटर निर्माता हीरो मोटोकॉर्प ने बिल्कुल नई एक्सट्रीम 160आर 4वी और रिफ्रेश्ड एक्सट्रीम 250आर लॉन्च करके प्रीमियम सेगमेंट में आगे बढ़ने की अपनी योजनाओं को और तेज कर दिया है। एक साथ आई ये दोनों मोटरसाइकिलें कंपनी के प्रीमियम पोर्टफोलियो को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम हैं। दो अहम सेगमेंट में उतरी इन बाइक्स में और धारदार स्ट्रीटफाइटर स्टाइल, रोमांचक परफॉर्मेंस और राइडर को ध्यान में रखकर बनाई गई एडवांस्ड टेक्नोलॉजी का मेल है।
नई एक्सट्रीम 160आर 4वी पूरी तरह बदले डिजाइन और नई टेक्नोलॉजी के साथ एक्सट्रीम फैमिली को और ज्यादा राइडर्स तक ले जाती है। वहीं रिफ्रेश्ड एक्सट्रीम 250आर बेहतर फीचर्स, ज्यादा निखरी बारीकियों और हर तरह की राइडिंग के लिए ज्यादा काबिलियत के साथ अपनी परफॉर्मेंस वाली साख को और पक्का करती है। दोनों मोटरसाइकिलें दिखाती हैं कि हीरो मोटोकॉर्प राइडर्स की आकांक्षाओं से जुड़े और टेक्नोलॉजी पर टिके प्रोडक्ट देने और प्रीमियम सेगमेंट में तेजी से कदम बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस लॉन्च पर हीरो मोटोकॉर्प के चीफ बिजनेस ऑफिसर (प्रीमियम सेगमेंट) अनुज दुआ ने कहा, “प्रीमियम सेगमेंट हमारे सामने ग्रोथ के सबसे बड़े मौकों में से एक है। अपने प्रोडक्ट्स को साफ तौर पर अलग पहचान देकर और राइडिंग का बेहतर अनुभव देकर हम इस सेगमेंट में अपनी पकड़ लगातार मजबूत कर रहे हैं। एक्सट्रीम फैमिली इस रणनीति का अहम स्तंभ है।‘’
उन्होंने आगे कहा, “बिल्कुल नई एक्सट्रीम 160आर 4वी अपने सेगमेंट की सबसे तेज मोटरसाइकिल है। पूरी तरह नए डिजाइन के साथ इसमें क्रूज कंट्रोल और पैनिक ब्रेक अलर्ट जैसे फीचर हैं, जो इस सेगमेंट में पहले किसी बाइक में नहीं थे। यह एक्सट्रीम का डीएनए युवा राइडर्स के कहीं बड़े वर्ग तक पहुंचाती है। वहीं नई एक्सट्रीम 250आर अपने सेगमेंट में मानक और ऊंचा करती है। इसमें राइड-बाय-वायर,चार राइड मोड, ट्रैक्शन कंट्रोल, क्विकशिफ्टर, सेगमेंट का पहला क्रूज कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और उद्योग का पहला फ्रीक्वेंसी सिलेक्टिव डैंपिंग सस्पेंशन है। 130 से ज्यादा स्टोर्स वाले हमारे हीरो प्रीमिया नेटवर्क के साथ ये लॉन्च विश्वस्तरीय और आकांक्षाओं से जुड़े प्रोडक्ट बनाने और प्रीमियम पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को दिखाते हैं।”
बिल्कुल नई एक्सट्रीम 160आर 4वी
2023 में बाजार में आने के बाद से एक्सट्रीम 160आर 4वी हीरो मोटोकॉर्प के प्रीमियम मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो की अहम कड़ी रही है। नया मॉडल अब तक का इसका सबसे बड़ा कायापलट है। इसमें एक्सट्रीम फैमिली के डीएनए वाला पूरी तरह नया डिजाइन, सेगमेंट में सबसे आगे की परफॉर्मेंस और कई नई टेक्नोलॉजी हैं। इसे एक स्पोर्टी नेकेड मोटरसाइकिल के रूप में तैयार किया गया है। जवां, मस्कुलर और आक्रामक अंदाज वाली यह बाइक सड़क पर किसी बड़ी बाइक जैसी दिखती है। इसे उन राइडर्स के लिए बनाया गया है, जो अपनी मोटरसाइकिल से रोमांच, अलग पहचान और टेक्नोलॉजी, तीनों चाहते हैं।
एक्सट्रीम का डीएनए, और धारदार तेवर
नई एक्सट्रीम 160आर 4वी आक्रामक “साइबरशार्प” डिजाइन लैंग्वेज पर बनी है। ज्यादा तीखे टैंक श्राउड, मस्कुलर स्टांस और नई बॉडीवर्क से सड़क पर इसकी मौजूदगी और दमदार हो जाती है। फ्यूल टैंक को इस तरह आकार दिया गया है कि घुटनों की पकड़ अच्छी रहे, राइडर आराम से बैठ सके और पैर आसानी से जमीन तक पहुंचें। एडवांस्ड लाइटिंग पैकेज में एंबिएंट लाइट सेंसर वाला क्लास डी फुल एलईडी हेडलैंप है, जो अपने आप जल जाता है। साथ में प्रोजेक्टर हाई बीम और “एच” आकार के सिग्नेचर डीआरएल हैं। पीछे “एच” आकार का एलईडी टेल लैंप और फुल एलईडी इंडिकेटर इसका लुक पूरा करते हैं। आगे के पहिये के लिए लाल और काले रिम के विकल्प बाइक को निजी अंदाज देते हैं।
सेगमेंट की सबसे तेज बाइक
नई एक्सट्रीम 160आर 4वी में हीरो मोटोकॉर्प का 163 सीसी, 4-वाल्व, ऑयल-कूल्ड इंजन लगा है, जो 8,750 आरपीएम पर 17.1 पीएस की पीक पावर और 6,500 आरपीएम पर 14.6 एनएम का पीक टॉर्क देता है। शॉर्ट-स्ट्रोक डिजाइन के चलते इंजन फुर्ती से रेव होता है और ज्यादा पीक पावर निकालता है। फिन वाला ऑयल कूलर लंबी और तेज राइड में भी इंजन का तापमान काबू में रखता है। इसी का नतीजा है कि 0 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 4.4 सेकंड में पकड़कर यह अपने सेगमेंट की सबसे तेज मोटरसाइकिल बन गई है। पिछले पहिये पर मिलने वाली पावर भी इसके सेगमेंट में सबसे ज्यादा है। रखरखाव भी आसान हुआ है, क्योंकि सर्विस के बीच का अंतराल बढ़ा दिया गया है। 6,000 किमी तक न इंजन ऑयल बदलना पड़ता है और न टैपेट सेटिंग करानी पड़ती है।
राइड-बाय-वायर, राइड मोड और सेगमेंट का पहला क्रूज कंट्रोल
इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल कंट्रोल (राइड-बाय-वायर) सटीक और स्मूद थ्रॉटल रिस्पॉन्स देता है, जो हर बार राइडर की उम्मीद के मुताबिक रहता है। इसी के दम पर बाइक में तीन राइड मोड मिलते हैं। रेन मोड फिसलन भरी सड़क के लिए थ्रॉटल रिस्पॉन्स को नरम कर देता है। रोड मोड रोज की राइडिंग के लिए स्मूद और संतुलित पावर देता है। स्पोर्ट मोड तेज और सीधे थ्रॉटल रिस्पॉन्स के साथ बाइक की पूरी क्षमता सामने ले आता है। एक्सट्रीम 160आर 4वी क्रूज कंट्रोल देने वाली अपने सेगमेंट की पहली मोटरसाइकिल भी है, जिससे रोज का आना-जाना और लंबा सफर, दोनों आसान हो जाते हैं।
हर राइड पर भरोसा
डुअल-चैनल एबीएस को इस तरह ट्यून किया गया है कि हर तरह की सतह पर ब्रेक लगाते समय बाइक स्थिर रहे और रफ्तार भी अच्छी तरह कम हो। यह आगे 276 मिमी और पीछे 220 मिमी के पेटल डिस्क के साथ काम करता है। बाइक में पैनिक ब्रेक अलर्ट भी है, जो इस सेगमेंट में पहली बार आया है। अचानक जोर से ब्रेक लगाने पर यह आसपास के वाहनों को सतर्क कर देता है, जिससे सुरक्षा बढ़ती है। सस्पेंशन के लिए आगे 37 मिमी के केवाईबी अपसाइड-डाउन फोर्क और पीछे 7-स्टेप प्रीलोड एडजस्टेबल मोनोशॉक है। इनसे बाइक सड़क पर जमी रहती है और आराम व बॉडी कंट्रोल के बीच संतुलन बना रहता है। पीछे के चौड़े 130/70 R17 टायर समेत रेडियल ट्यूबलेस टायर मोड़ों पर अच्छी पकड़ और भरोसा देते हैं।
बिल्कुल नया टीएफटी कंसोल और राइडर का आराम
नए टीएफटी कंसोल पर राइड मोड, शिफ्ट एडवाइजरी के साथ गियर पोजिशन, क्रूज कंट्रोल का स्टेटस, बचे फ्यूल में तय हो सकने वाली दूरी और रियल-टाइम माइलेज दिखता है। इसकी ब्राइटनेस अपने आप एडजस्ट होती है। ब्लूटूथ कनेक्टिविटी से कॉल और मैसेज अलर्ट, म्यूजिक, फोन की बैटरी का स्टेटस और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन मिलता है। बैकलिट सॉफ्ट-टच स्विचगियर, इंटीग्रेटेड किल-स्टार्ट स्विच, हैजर्ड लाइट, क्रूज कंट्रोल के बटन और टाइप-सी फास्ट चार्जर सफर को और सुविधाजनक बनाते हैं। ब्रेक और क्लच लीवर 5 स्टेप में एडजस्ट होते हैं, ताकि हर राइडर उन्हें अपनी पहुंच के हिसाब से सेट कर सके। नया राइडर ट्रायंगल, शरीर के हिसाब से ढली सीट और जमीन तक पैरों की बेहतर पहुंच आराम बढ़ाते हैं। सीट 16 मिमी लंबी होकर अब 642.9 मिमी की है और सिंगल व स्प्लिट, दोनों विकल्पों में मिलती है।
रिफ्रेश्ड एक्सट्रीम 250आर
रिफ्रेश्ड एक्सट्रीम 250आर बेहतर परफॉर्मेंस, एडवांस्ड टेक्नोलॉजी, ज्यादा धारदार हैंडलिंग और प्रीमियम डिजाइन व फिनिश के साथ 250 सीसी परफॉर्मेंस सेगमेंट में नई ऊंचाई छूती है। रेस ट्रैक से प्रेरित टेक्नोलॉजी, भरोसा जगाने वाली हैंडलिंग और रोज के इस्तेमाल की सहूलियत को एक साथ लाकर यह रोमांच से भरा और हर लिहाज से संतुलित राइडिंग अनुभव देती है।
ज्यादा बोल्ड स्टाइल, और निखरी फिनिश
गोल्ड एनोडाइज्ड फ्रंट फोर्क, कार्बन-फाइबर हाइड्रो-डिप्ड पैनल, रिम टेप वाले रंगीन रिम, नए ग्राफिक्स और उभरी हुई बारीकियां इसके आक्रामक स्ट्रीटफाइटर तेवर को और निखारती हैं। पीछे के सस्पेंशन पर एफएसडी की ब्रांडिंग इसकी परफॉर्मेंस वाली पहचान को अलग से उभारती है। फिट और फिनिश में 50 से ज्यादा सुधारों के साथ यह बाइक पहले से ज्यादा प्रीमियम एहसास देती है। इनमें पुर्जों की बेहतर फिनिश, ब्रेडेड केबल और स्विंगआर्म का नया टेल कवर शामिल हैं।
दमदार परफॉर्मेंस
नई एक्सट्रीम 250आर में आजमाया हुआ 250 सीसी, लिक्विड-कूल्ड, 4-वाल्व डीओएचसी इंजन है। यह 9,250 आरपीएम पर 30 पीएस की पीक पावर और 7,500 आरपीएम पर 25.3 एनएम का पीक टॉर्क देता है, जो 250 सीसी सेगमेंट में सबसे ज्यादा है। 0 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 3.2 सेकंड में पकड़कर यह अपने सेगमेंट की सबसे तेज मोटरसाइकिल है।
बिना थकान की राइडिंग
एक्सट्रीम 250आर में भी क्रूज कंट्रोल दिया गया है, जो इसके सेगमेंट में पहली बार है। इससे राइडर लगातार थ्रॉटल पकड़े रहे बिना एक तय रफ्तार बनाए रख सकता है, जिससे सफर आरामदेह रहता है और थकान कम होती है। साथ ही इसमें हीरो मोटोकॉर्प का पहला सेंसरलेस बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर भी है। इससे क्लच दबाए बिना और थ्रॉटल छोड़े बिना गियर ऊपर और नीचे, दोनों तरफ बदले जा सकते हैं। ट्रैक पर गियर तेजी से बदलते हैं और लंबी राइड में थकान कम होती है।
पूरे कंट्रोल के लिए एडवांस्ड राइडर एड्स
बाइक में अब चार राइड मोड हैं। इनके साथ एक्सट्रीम 250आर अलग-अलग तरह की राइडिंग के लिहाज से अपने सेगमेंट की सबसे अच्छी तरह लैस मोटरसाइकिल बन गई है। हर मोड अलग हालात और पसंद के हिसाब से ट्यून किया गया है। रेन मोड गीली और फिसलन भरी सड़क पर स्मूद पावर देता है। रोड मोड रोज की राइडिंग के लिए एक जैसी लय में परफॉर्मेंस देता है। स्पोर्ट मोड जोशीली राइडिंग के लिए बाइक का रिस्पॉन्स और तीखा कर देता है। ट्रैक मोड रेस ट्रैक पर इसकी पूरी परफॉर्मेंस का इस्तेमाल करने देता है। टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (टीपीएमएस) टायर का प्रेशर और तापमान रियल-टाइम में दिखाता है और प्रेशर बहुत ज्यादा या बहुत कम होने पर अलग-अलग रंगों के अलर्ट देता है।
फ्रीक्वेंसी सिलेक्टिव डैंपिंग सस्पेंशन: आराम और कंट्रोल साथ-साथ
बाइक में पीछे की ओर फ्रीक्वेंसी सिलेक्टिव डैंपिंग (एफएसडी) सस्पेंशन है, जो टू-व्हीलर उद्योग में पहली बार दिया गया है। इसमें एक अतिरिक्त एफएसडी पिस्टन है, जो रिबाउंड डैंपिंग के दो अलग-अलग प्रोफाइल देता है। ये प्रोफाइल सड़क से आने वाले झटकों की फ्रीक्वेंसी के हिसाब से अपने आप ढल जाते हैं। इससे टूटी-फूटी सड़कों पर सफर आरामदेह रहता है और मोड़ों पर सटीक लाइन पकड़ने के लिए टायर जमीन पर जमा रहता है। मजबूत ट्रेलिस फ्रेम और 43 मिमी के यूएसडी फ्रंट फोर्क पहले की तरह फुर्तीली और सटीक हैंडलिंग देते हैं।
स्मार्ट टीएफटी कंसोल और कनेक्टिविटी
नया फुल-कलर टीएफटी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर सारी जानकारी ऐसे इंटरफेस में दिखाता है, जो पढ़ने में आसान है और देखने में भी आकर्षक है। राइडर इसमें दिए लैप टाइमर और ड्रैग टाइमर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के जरिए कॉल और मैसेज अलर्ट, फोन की बैटरी का स्टेटस और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन कंसोल पर दिखता है। नए सॉफ्ट-टच स्विचगियर से हर फंक्शन राइडर की उंगलियों पर रहता है। इनमें अलग मोड सिलेक्टर, इंटीग्रेटेड किल-स्टार्ट स्विच, हैजर्ड लाइट और क्रूज कंट्रोल के स्विच शामिल हैं।
रंग, कीमत और उपलब्धता
बिल्कुल नई एक्सट्रीम 160आर 4वी तीन वेरिएंट में खास शुरुआती कीमतों पर मिलेगी: स्टैंडर्ड 1,27,000 रुपये, प्रो 1,37,000 रुपये और कार्बन 1,41,000 रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली)। यह देश भर में हीरो मोटोकॉर्प और हीरो प्रीमिया डीलरशिप पर उपलब्ध होगी।
रिफ्रेश्ड एक्सट्रीम 250आर कार्बन रेड, कार्बन व्हाइट और कार्बन ब्लैक, इन तीन रंगों में आती है। इसे 1,98,000 रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) की विशेष शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। यह देश भर में सभी हीरो प्रीमिया डीलरशिप पर उपलब्ध होगी।
दोनों मोटरसाइकिलों की बुकिंग 17 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और डिलीवरी 1 नवंबर 2026 से शुरू होगी।