सर्द हवाओं ने किया बेहाल, दिल्ली में तापमान 2.7 डिग्री

दिल्ली वाले फिलहाल कुछ दिनों तक इसी तरह ठंड की गिरफ्त में रहेंगे। जम्मू कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब में हुई बर्फबारी के चलते अभी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। शुक्रवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री रहा। आगे भी कई दिनों तक सर्द हवा चलने से धूप होने के बावजूद कंपकंपी का एहसास रहेगा। बताया जा रहा है कि ठंड ने यूपी में अभी तक 116 लोगों को शिकार बनाया है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज दिन का अधिकतम व न्यूनतम तापमान 14 और पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस बीच न्यूनतम तापमान और नीचे जाने के आसार हैं। हालांकि दिल्ली की सर्दी को जिन लोगों ने दशकों से झेला है उनकी मानें तो यही है दिल्ली की असली सर्दी। कश्मीर जैसे मौसम के इस मिजाज से बचने के लिए लोग एक से एक उपाय कर रहे हैं। उधर एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) समेत दिल्ली के एलएलजेपी, राममनोहर लोहिया आदि अस्पतालों में देश के दूसरे राज्यों से इलाज के लिए आए मरीजों के सैकड़ों तीमारदार आसपास आशियाने के अभाव में रात को खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं, अपनों की बीमारी से अधिक मौसम ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है।

गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान गिरकर 4.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो सामान्य से आठ और चार डिग्री सेल्सियस कम है। इसका असर आम जन जीवन पर भी देखने को मिला।

रेल-विमान सेवा चरमराई

खराब मौसम और कोहरे के कहर से ट्रेन हो या प्लेन सबकी व्यवस्था एक बार फिर से चरमरा गई है। रोजाना 20 उड़ानें और दर्जन भर ट्रेनें निरस्त की जा रही हैं। लेटलतीफ ट्रेनों की संख्या हर दिन शतक लगा रही है। गुरुवार को भी कोहरे ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।

error: Content is protected !!