21 मई से होगी हज फ्लाइट्स की शुरुआत। 6 जून तक संचालित होंगी कुल 27 फ्लाइट
इस बार जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से मदीना जाएंगी हज फ्लाइट्स
एयर इंडिया करेगी फ्लाइट संचालन
जयपुर: तीन साल के अंतराल के बाद जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा 21 मई 2023 से हज उड़ानों का संचालन शुरू करेगा। हज फ्लाइट्स का संचालन एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 से किया जायेगा। फ्लाइट्स का संचालन 21 मई से 6 जून तक होगा जिसके लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी है। 21 मई से 27 मई तक एक फ्लाइट जयपुर से रोज सुबह 11 बजे रवाना होकर दोपहर 1:55 बजे मदीना पहुंचेगी तथा 28 मई से 6 जून तक एक और फ्लाइट जयपुर से रोज सुबह 9:35 बजे रवाना हो कर दोपहर 12:45 बजे मदीना पहुंचेगी। इस तरह दो विमानों के जरिए कुल 27 फ्लाइट का संचालन होगा । वहीं 3 से 24 जुलाई के बीच हज से वापसी की फ्लाइट संचालित होंगी ।
वर्ष 2020 में कोरोना के चलते जयपुर एयरपोर्ट से हज का सफर संभव नहीं हो रहा था। पिछले 2 वर्ष से हज की फ्लाइट्स जयपुर के बजाय दिल्ली से संचालित हो रही थीं। लेकिन इस बार हज की फ्लाइट्स 3 साल बाद जयपुर एयरपोर्ट से ही संचालित होंगी जिसके चलते जायदा यात्रियों को हज करने का मौका मिलेगा। खास बात यह भी है कि हज की फ्लाइट्स इस बार सीधे मदीना जाएंगी। पिछले सालों में ये फ्लाइट्स जेद्दाह जाती थी।
वही एयरपोर्ट प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी हैं तथा हज से जुड़े सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजाम यहां पर किए जा रहे हैं। हज यात्रियों के लिए फ्लाइट्स का संचालन इस बार जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से शुरू किया जाएगा ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा को और सुगम बनाया जा सके। यात्रा के इंतजामों को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन की सभी संबंधित सरकारी विभागों, अधिकारीयों और हज कमिटी के प्रतिनिधियों से लगातार बैठकों के दौर जारी है।
टर्मिनल 1 पर भी एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा विशेष इंतज़ाम किये जा रहे हैं। इस के तहत अतिरिक्त सुरक्षा जवानों की तैनाती, सीआईएसएफ की तैनाती, कस्टम और इमिग्रेशन से जुड़े काउंटर स्थापित करना, यात्रियों के पानी और खान-पान की व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, टर्मिनल बिल्डिंग के अंदर बैठने की तथा महिला और पुरुष यात्रियों के लिए अलग से नवाज़ अदा करने की व्यवस्था आदि शामिल है। इसके साथ ही हज कमेटी के साथ भी फ्लाइट संचालन और अन्य व्यस्थाओं की लेकर प्रतिदिन कोर्डिनेशन किया जा रहा है।