-सीवरेज डालने के काम की रफ्तार कछुए की चाल से भी धीमी – देवनानी
अजमेर 28 जुलाई। पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री और अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने जिला कलेक्टर भारती दीक्षित से मुलाकात कर उनको स्मार्ट सिटी के कार्य और सीवरेज लाईन डालने में हो रहे भ्रष्टाचार, घटिया सामग्री इस्तेमाल की शिकायत की और उच्च स्तर की जांच की मांग की। देवनानी ने कहा की शहर में डाली जा रही सीवरेज लाईन में निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है और अधिकारियो की सांठ गांठ के चलते जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। देवनानी ने कहा की सीवरेज लाइन डालने के काम की रफ्तार कछुए की चाल से भी धीमी रफ्तार पर हो रहा है। गत् चार वर्षो पर लगभग 150 करोड़ खर्च होने के बाद भी शहर को पूरी तरह से राहत नही मिल पा रही है।
देवनानी ने कहा की सीवरेज लाईन डालने में जिस पाईप का इस्तेमाल किया जा रहा है, उसकी क्वालिटी निम्न स्तर की है और चैम्बर का निर्माण भी गलत तरीके से किया जा रहा है। देवनानी ने बताया कि सीवरेज को एसटीपी आनासागर से जोड़ना था जिसको गलत तरीके से जोड़ा गया है। चैम्बर से सीवरेज उफान मार रहा है। सीवरेज डालने के बहाने से शहर की प्रमुख सड़क और कॉलोनियों की सड़को को खोद दिया गया है और उनका वापस निर्माण करने में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है जिसका परिणाम सामने है।
देवनानी ने शहर की सड़को का भी मुद्दा उठाया और कहा की सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़को पर बने गहरे गड्ढे नजर नही आ रहे। सड़क स्वीकृत होने के बाद भी सड़क निर्माण नहीं करवाये जाने पर देवनानी ने नाराजगी जाहिर की और कहा कि विभाग ने बारिश से पूर्व सड़कों का पेचवर्क भी नहीं किया। बारिश से पुरा शहर गढ्ढो के कारण परेशान हो रहा है। बुजुर्ग, बच्चे, महिलायें दुपहिया वाहनों से गिर रहे है। यह गहरे गड्ढे आए दिन हादसो का कारण बन रहे है जिसमे लोगो को गंभीर चोटें भी आ रही है। देवनानी ने ऐसे गहरे गड्ढे जल्द दुरस्त करने की मांग की है और साथ ही जिन सड़को की वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी उनका निर्माण कार्य भी जल्द शुरू करने के लिए कहा है। देवनानी ने कलेक्टर को बताया कि फॉयसागर रोड़ स्थित रावत नगर, शिव विहार कॉलोनी, नागफणी क्षेत्र, वार्ड 01 नागेश्वर कॉलोनी, बॉम्बे योजना वार्ड 05 शास्त्री कॉलोनी, वार्ड 73 राजीव कॉलोनी, शांतिपुरा, वार्ड 67 न्यू कायस्थ कॉलोनी की गलियां, मुख्य बाजार कृष्णगंज, वार्ड 75 यूआईटी कॉलोनी, बलदेव नगर की विभिन्न गलियों की सड़के खोद दी गयी है लेकिन छः महिने पूर्व खोदी गयी सड़कों का निर्माण आज तक अधुरा पड़ा है।
देवनानी ने कलेक्टर को शहर में चरमराई हुई पेयजल सप्लाई के बारे में भी अवगत कराया और बताया कि शहर मे 72 से 96 घंटे में भी पेयजल सप्लाई नहीं हो पा रही है। देवनानी ने कहा कि बीसलपुर बांध के भरे होने के बावजूद शहरवासियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। कई बार अधिकारियो को कहने के बाद भी अधिकारियो के कोई असर नहीं हो रहा और खासकर उनके विधानसभा क्षेत्र की जनता को प्यासा रखा जा रहा है।
देवनानी ने अजमेर विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त आयुक्त श्री निधि बीटी से भी मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा जिसमे हरीभाऊ उपाध्याय, पंचशील योजना क्षेत्र में शामिल है उसमें टूटी हुई सड़कों के बारे में अवगत कराया और उन सड़कों का जल्द से जल्द निर्माण किया जाए। साथ ही मित्तल हॉस्पिटल से बीके कौल नगर होते हुए फॉयसागर जाने वाली सड़क जो सीवरेज और अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है उसका निर्माण कार्य किये जाने के लिए कहा। फाईसागर रोड पर सवा करोड़ की लागत से बनने वाली नाली निर्माण कार्य में गति लाने की भी बात कही। देवनानी ने शास्त्री नगर चुंगी चौकी से लोहागल जनाना अस्पताल मार्ग जो निर्माण कार्य शुरू हो रखा है उसमें गति आए ताकि जनाना अस्पताल जाने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना उठानी पड़े। देवनानी ने बताया कि उन्होंने विधायक कोष से लोहागल में रावत समाज के हताई पर सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख की राशि स्वीकृत की है जो कार्य अभी तक तकनीकी स्वीकृति जारी नहीं हुई है उसकी तकनीकी स्वीकृति जल्द जारी की जाए ताकि निर्माण कार्य जल्द पूरा हो सके।