कांग्रेस ने अपने कर्मो से अजमेर की जनता का विश्वास खोया- देवनानी

– जिम्मेदारी से बचकर आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी कार्य पद्धति – देवनानी
– आरोप लगाने वाली कांग्रेस बताए 10 साल उनके राज में शहर का कितना विकास हुआ- देवनानी

अजमेर 14 अगस्त। पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री और अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन की और से प्रेस कांफ्रेंस कर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा की कांग्रेस ने अपने कर्मो के चलते शहर की जनता का विश्वास खोया है और यही कारण है की पिछले बीस साल से अजमेर की जनता दोनो विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को पसंद कर रही है और आगे भी करेगी। देवनानी ने बयान जारी करते हुए कहा की निगम में पिछले 30 साल से भाजपा का बोर्ड होना भी इस बात को इंगित करता है की शहर की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है।
देवनानी ने कहा की कांग्रेस अपने अंदरूनी झगड़ो के चलते पूरी तरह से बौखलाई हुई है। सरकार में रहते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाने की खीज अब इस तरह जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ कर उतारी जा रही है। देवनानी ने कहा की कांग्रेस नेताओ को साल के अंत मे होने वाले विधानसभा चुनाव के संभावित परिणामों का आभास हो गया है इसलिए वे अनर्गल आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
देवनानी ने कहा की भाजपा से सवाल पूछने वाली कांग्रेस पहले यह बताए की प्रदेश में 10 साल कांग्रेस की सरकार रही और इस दौरान उन्होंने शहर के विकास में कितना योगदान किया। देवनानी ने आरोप लगाया की स्मार्ट सिटी की योजना केंद्र से मिलने के बाद पिछले साढ़े चार साल मे कांग्रेस सरकार ने इसके जरिए शहर में होने वाले विकास कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार किया। सरकार के इशारे पर जनप्रतिनिधियों को स्मार्ट सिटी के कामों से दूर रखा गया। देवनानी ने कहा की कांग्रेस और भ्रष्टाचार आपस में एक दूसरे के पर्याय है। सिवरेज और एलिवेटेड रोड के निर्माण में खूब बंदरबांट हुई तब तो कांग्रेस चैन की नींद सो रही थी और अब जब चुनाव नजदीक आए तब नौटंकी शुरू कर दी। देवनानी ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए सवाल किया की बीसलपुर बांध पूरा भरा होने के बाद भी आखिर क्यों अजमेर की जनता को 48 घंटे के अंतराल के जलापूर्ति नही हो रही। देवनानी ने कहा की भाजपा शासन में 2018 से पहले बांध में पानी कम होने के बाद भी शहर को 48 में सप्लाई मिलती थी जो अब दूर की कोड़ी साबित हो रही है।
देवनानी ने कहा की भाजपा शासन में अजमेर को जल जीवन मिशन, अमृत योजना जैसी योजनाएं मिली। लेकिन कांग्रेस सरकार की लापरवाही तो यहां तक दिखती है कि 4 साल पहले स्वीकृत हुई रातीडांग क्षेत्र में पानी की टंकी जो अमृत योजना प्रथम में स्वीकृत हुई थी वो आज तक शुरू भी नहीं हुई है। 186 करोड़ की अमृत योजना केंद्र सरकार से लेकर आए लेकिन उसको भी राज्य सरकार धरातल पर लागू नही करा पाई।
बिजली के बिलों के आरोपों पर बोलते हुए देवनानी ने कहा की जब टाटा पावर को लाया गया तब बिजली की दरें और आज की दरें के बीच कांग्रेस को तुलना कर लेनी चाहिए। बिजली के दाम बढ़ाने का काम टाटा पावर का नही बल्कि राज्य सरकार का है। कांग्रेस के राज में पिछले साढ़े चार साल मे 9 बार बिजली के दाम बढ़ाए गए है और हाल में विधानसभा में बिल पास कर आगे भी दरें बढ़ाने का काम सरकार ने अपने पास रखा है।
देवनानी ने कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा की जगन्नाथ मंदिर और झरेंशवर मंदिर की नगर भ्रमण यात्रा रोक दी जाती है। कावड़ यात्रा के डीजे जब्त कर लिए जाते है। हाल ही में ब्यावर में महादेव की सवारी निकालने के लिए मंदिर समिति की और से मांगी गई अनुमति को भी निरस्त कर दिया गया। जबकि अन्य समुदाय के धार्मिक जुलूस पुलिस निगरानी में निकाले जाते है।

error: Content is protected !!