कंपनी ने नए वर्गों और भविष्यवादी अवधारणाओं में उत्पादन-तत्पर वाहनों की पेशकश की
मिलान, नवम्बर 8, 2023- मोटरसाइकिल और स्कूटर बनाने वाली विश्व की सबसे बड़ी कंपनी, हीरो मोटोकॉर्प ने मंगलवार को ईआईसीएमए 2023 में अनेक रणनीतिक पहलों की घोषणा की है। इनमें इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में कंपनी की पहुँच बढ़ाने, नए आईसीई वाहन वर्गों और यूरोप में प्रवेश करने के लिए वृद्धि की विस्तृत योजनायें शामिल हैं।
पूरे विश्व में अपने ग्राहकों को विश्व-स्तरीय अनुभव और उत्पाद प्रदान करने की अपनी वचनबद्धता पर खरा उतरते हुए कंपनी ने विश्व के सबसे बड़े टू-व्हीलर एक्सपो – ईआईसीएमए में तीन कांसेप्ट वाहनों और तीन उत्पादन के लिए तैयार वाहनों का अनावरण किया। इसने वर्ष 2024 के मध्य तक यूरोप के स्पेन, फ्रांस और यूके जैसे देशों में प्रवेश का खाका भी घोषित किया।
ईआईसीएमए में कंपनी के स्टाल में वैश्विक मीडिया को संबोधित करते हुए, हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ, निरंजन गुप्ता ने कहा कि, “हमें यहाँ दुनिया के कोने-कोने से आये अपने हितधारकों के सामने अपने नवीनतम उत्पादों और प्रौद्योगिकियों को प्रदर्शित करते हुए रोमांच का अनुभव हो रहा है। हम यूके, स्पेन और फ्रांस में 2024 के मध्य तक वाणिज्यिक परिचालन आरम्भ करने के लिए इन देशों में अत्यंत विश्वसनीय साझीदारों के साथ सहयोग कर रहे हैं।
“हम इन देशों में सबसे पहले अपना इलेक्ट्रिक स्कूटर विडा वी1 (VIDA V1) लॉन्च करेंगे। उसके बाद उच्च क्षमता वाले प्रीमियम आईसीई मोटरसाइकिलों और स्कूटरों के साथ अपनी पेशकशों का विस्तार करेंगे, जिन्हें यहाँ प्रदर्शित किया गया है। सस्ती कीमतों पर हाई-क्वालिटी पर्सनल मोबिलिटी सलूशंस प्रदान करने में अपनी विशेषज्ञता के साथ हमें पूरा विश्वास है कि उत्पादों की हमारी नई रेंज को सभी देशों में ग्राहकों की प्रशंसा प्राप्त होगी। हमारा लक्ष्य “विश्व के लिए भारत में नवाचार और विनिर्माण” करना है और हम इस लक्ष्य की दिशा मे तेजी से आगे बढ़ने के लिए काम कर रहे हैं।”
उत्पाद का प्रदर्शन
कंपनी ने प्रदर्शनी में दो नए आईसीई स्कूटर – Xoom 125R और Xoom 160 का अनावरण किया। दोनों स्कूटर जल्द ही केई देशों में उपलब्ध होंगे।
इसने यूरोप और यूके के बाज़ारों के लिए VIDA V1 Pro (विडा वी1 प्रो) का भी अनावरण किया। VIDA V1 कंपनी का पहला ई-स्कूटर है जिसे इसके उभरते मोबिलिटी ब्रांड – VIDA, हीरो द्वारा संचालित के तहत लॉन्च किया गया था।
उच्च क्षमता वाले उत्कृष्ट मोटरसाइकिलों के व्यापक पोर्टफोलियो का निर्माण करते हुए, इसने कांसेप्ट 2.5R XTunt का भी अनावरण किया, जो कंपनी के लिए एक नया वर्ग है।
अपने विज़न, “मोबिलिटी का भविष्य बनना” के अनुरूप, हीरो मोटोकॉर्प ने दो ईवी कॉन्सेप्ट्स – लिंक्स और ऐक्रो (Lynx और Acrto) का भी अनावरण किया। ये दोनों उत्पाद शहरी मोबिलिटी में पूरी तरह नया आकर्षण हैं। इन्हें म्युनिख के निकट कंपनी के यूरोपीय आरऐंडडी हब, टेक सेण्टर जर्मनी में विकसित किया गया है।
विश्वव्यापी विस्तार
यूरोप के प्रमुख बाज़ारों में प्रवेश करने की अपनी योजना का खुलासा करते हुए, हीरो मोटोकॉर्प ने अपने इलेक्ट्रिक वाहन ब्रांड विडा (VIDA) के साथ यूरोप में प्रवेश करने की घोषणा भी की।
विडा वी1 (VIDA V1) अनेक यूरोपीय बाज़ारों में प्रवेश करने वाला पहला उत्पाद होगा, जिसकी शुरुआत स्पेन और फ्रांस से होगी। इसके साथ ही, कंपनी यूनाइटेड किंगडम में भी अपना परिचालन आरम्भ करेगी।
हीरो मोटोकॉर्प इन बाज़ारों में कैलेंडर वर्ष 2024 तक अपना वाणिज्यिक परिचालन आरम्भ करेगी। उचित समय पर यह इन देशों में अपने आईसीई मोटरसाइकिलों और स्कूटरों की प्रीमियम रेंज भी पेश करेगी।
कंपनी ने इन प्रत्येक देशों के लिए वितरकों को चिन्हित कर लिया है और वाणिज्यिक अनुबंधों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है।
· यूनाइटेड किंगडम – करीब 40 वर्ष पुरानी कंपनी, मोटोजीबी यूके में हीरो मोटोकॉर्प का वितरक होगी। यह कंपनी स्कूटरों/मोटरसाइकिलों और सम्बंधित अनुषंगियों, स्पेयर पार्ट्स, क्लोदिंग्स, ऐक्सेसरीज और इस्तेमाल की हुई बाइक्स की खुदरा बिक्री और वितरण का कार्य करती है। उनका लगभग 150 से अधिक डीलरशिप का एक आत्मनिर्भर डीलर नेटवर्क है।
· फ्रांस – फ्रांस में जीडी फ्रांस हीरो मोटोकॉर्प का वितरक होगी। ऑटोमोटिव उद्योग में 20 वर्षों से अधिक के अनुभव से समृद्ध, जीडी फ्रांस फ्रांसीसी बाज़ार में दोपहिया और चौपहिया मोबिलिटी सेक्टर में एक प्रमुख कंपनी है, जिसके 300 से अधिक प्रोफेशनल डीलर हैं। इस ग्रुप ने वर्ष 2023 में बाज़ार के बेहद मुश्किल परिदृश्य में टॉप-10 ब्रांड्स में स्थान हासिल किया है।
· स्पेन – ओनेक्स ग्रुप की अनुषंगी, नोरिया मोटोज स्पेन में हीरो मोटोकॉर्प का वितरक होगा। ओनेक्स ग्रुप 35 वर्षों से अधिक समय से दोपहिया ब्रांड्स का वितरण कर रहा है और देश में नए ब्रांड्स पेश करने तथा स्थापित करने में विशेषज्ञ है।
ईआईसीएमए में हीरो मोटोकॉर्प का विश्व-स्तरीय स्टाल फिएरा मिलानो में A48, हॉल 11 में अवस्थित है। अनेक वैश्विक हितधारक समूहों के साथ संपर्क करते हुए, कंपनी बूथ में अपने व्यापक उत्पाद और टेक्नोलॉजी रेंज का प्रदर्शन कर रही है। अधिक विवरण www.HeroAtEICMA.com पर उपलब्ध है।