असत्य सूचनाओं के साथ आवेदन करने पर होगी कार्यवाही
अजमेर, 3 जनवरी। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से विज्ञापित एक मात्र पद के लिए आयोजित की जाने वाली खोज एवं उत्खनन अधिकारी भर्ती-2023 में अनेक आवेदकों द्वारा भर्ती नियमों में वांछित योग्यता व अनुभव के बिना आवेदन किए गए है।
आयोग द्वारा की गई आवेदनों की जांच में ऐसे प्रकरण उजागर हुए हैं। आयोग द्वारा दिनांक 21 जुलाई 2023 को विज्ञापित इस एक मात्र पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक अर्हता “IInd class Master’s degree in History with Papers in ancient History and experience in field of Archaeology for atleast one season not less than 2 months.” विज्ञापन में अंकित है।
उल्लेखनीय है कि उक्त पद हेतु दिनांक 26 जुलाई से 25 अगस्त 2023 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। अंतिम दिनांक तक आयोग को 8063 आवेदन प्राप्त हुए।
आवेदनों की जांच दौरान यह सामने आया कि अनेक आवेदकों के पास इस पद के लिए विज्ञापन में उल्लेखित वांछित शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव नहीं है। ऐसे अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 28 दिसंबर 2023 से 5 जनवरी 2024 तक आवेदन प्रत्याहरित करने का समय दिया गया।
बुधवार 3 जनवरी 2024 तक 1385 अभ्यर्थियों ने वांछित शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव के अभाव में आवेदन प्रत्याहरित किए हैं। वांछित योग्यता एवं अनुभव नहीं होने के उपरांत भी निर्धारित समय सीमा में आवेदन विदड्रा नहीं करने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध आयोग नियमानुसार कार्यवाही करेगा। अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर माय रिक्रूटमेंट सेक्शन के अन्तर्गत संबंधित परीक्षा के समक्ष उपलब्ध विदड्रा बटन पर क्लिक कर प्रत्याहरण का कारण अंकित कर अपना ऑनलाइन आवेदन प्रत्याहरित कर सकते हैं।
आयोग ने अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि असत्य सूचनाओं के आधार पर एवं वांछित योग्यता व अनुभव न होने पर आवेदन नहीं करें। इस प्रकार के असत्य आवेदनों के कारण परीक्षा प्रक्रिया में अनावश्यक बाधा उत्पन्न होती है।
प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2022
फिजिकल एजुकेशन विषय का परिणाम जारी, 108 अभ्यर्थी मुख्य सूची में सफल घोषित
अजमेर, 3 जनवरी। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा बुधवार को प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2022 के फिजिकल एजुकेशन विषय का परिणाम जारी किया गया। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आयोग सचिव ने बताया कि संबंधित सेवा नियमानुसार न्यूनतम उतीर्णांक प्राप्त अभ्यर्थियों की पात्रता जांच काउंसलिंग के माध्यम से करवाई गई। पात्रता जांच उपरांत 108 अभ्यर्थियों को मुख्य सूची में सफल घोषित किया गया है।