पेयजल और बिजली की कमी से आमजन बेहाल, आवश्यक कदम उठाए सरकार :राठौड़
युवा नेता राठौड़ ने पानी, बिजली की आपूर्ति सुचारू करने और चारा डिपो शुरू करने की मांग।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं युवा नेता आजाद सिंह राठौड़ ने सरकार से बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। राठौड़ ने बताया कि भीषण गर्मी में पानी और बिजली की कमी से आमजन बेहाल है, सरकार आवश्यक कदम उठाकर राहत प्रदान करें। साथ ही उन्होंने मवेशियों के लिए राजकीय चारा डिपो खोलने की मांग की है।
राठौड़ ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की कमी से आमजन और पशुधन बेहाल है। ग्रामीणों को हजारों रुपए खर्च करके पानी के टैंकर डलवाने पड़ रहे है। शहरी क्षेत्रों में सप्ताह में एक बार भी पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। पिछले दिनों भुरटिया सहित कई गांवों के ग्रामीणों को मजबूर होकर धरने पर बैठना पड़ा। ऐसे में सरकार आम नागरिकों की पीड़ा समझते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देवें।
भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से आमजन का जीना दूभर हो गया है। वोल्टेज की कमी, फॉल्ट का तुरंत ठीक ना होना आदि समस्याओं से आमजन आक्रोशित है। बिजली कटौती से शहरी क्षेत्र में व्यापार, व्यवसाय और उद्योग-धंधे प्रभावित हो रहे हैं। गांव में बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या के कारण आटा पिसाई, मोबाइल चार्ज करना इत्यादि विद्युत आधारित दैनिक कार्यों के लिए शहर आने पर निर्भर होना पड़ रहा है, ऐसे में सरकार को निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं वोल्टेज की समस्या का स्थाई समाधान करना चाहिए। राठौड़ ने ग्रामीण क्षेत्रों में मवेशियों के चारे की कमी को देखते हुए सरकार से राजकीय चारा डिपो स्वीकृत करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि मानसून आने तक चारे के संकट के समाधान हेतु सरकार पूर्ववर्ती सरकार की तरह अविलंब चारा डिपो शुरू करें।
राठौड़ ने बताया कि सरकार विकास कार्यों में बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र वासियों की लगातार अनदेखी कर रही है। सुशासन के दावों पर बनी सरकार को संवदेनशीलता दिखाते हुए आमजन को मूलभूत सुविधाएं पानी, बिजली इत्यादि उपलब्ध करवाकर अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए।