वांछित योग्यता बिना किया है आवेदन तो 9 जून तक करें विथड्रॉ अन्यथा होगी कार्यवाही
अजमेर, 5 जून। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा कनिष्ठ रसायनज्ञ (भू-जल विभाग) भर्ती- 2024, उपाचार्य/अधीक्षक आईटीआई (कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग) भर्ती- 2024 तथा बायोकेमिस्ट (चिकित्सा शिक्षा ग्रुप-1 विभाग) भर्ती-2024 अन्तर्गत वांछित योग्यता न होने पर भी ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन विथड्रॉ करने का अवसर दिया गया है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।उक्त पदों के लिए प्राप्त आवेदनों की आयोग द्वारा की गई रैंडम/सेम्पल जांच में यह पाया गया कि कतिपय आवेदकों के पास अनिवार्य योग्यता व अनुभव नहीं होने के उपरांत भी उनके द्वारा आवेदन किया गया है। ऐसे अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा आगाह किया जाता है कि वे अपना ऑनलाइन आवेदन पत्र दिनांक 9 जून 2025 तक विथड्रॉ कर लेवें अन्यथा उनके विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 217 के अंतर्गत कार्यवाही की जायेगी। इसके अतिरिक्त ऐसे अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा भविष्य में ली जाने वाली समस्त परीक्षाओं से डिबार भी कर दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन विथड्रॉ करने का लिंक 5 से 9 जून 2025 तक सक्रिय रहेगा।