अजमेर, 23 जनवरी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार बसंत पंचमी पर्व के पावन अवसर पर शुक्रवार को जिले के समस्त राजकीय विद्यालयों में मेगा पीटीएम अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, अधिगम स्तर एवं सर्वांगीण विकास की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही जिले के सभी पीईईओ विद्यालयों में कक्षा एक से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए निपुण मेला आयोजित किया गया। कृष्ण भोग का भी आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअली सम्बोधित किया। अजमेर में जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी रहे।
इस उपलक्ष में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजकीय सावित्री बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। इसमें विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, जिला कलक्टर श्री लोकबंधु सहित जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इस दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इसमें माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश भर के विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं अभिभावकों से संवाद करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, सहभागिता और नवाचार पर जोर दिया।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि मेगा पीटीएम शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। इसे एमटीएम अर्थात मदर्स-टीचर्स मीट के रूप में भी आयोजित किया जाना चाहिए, क्योंकि माँ ही बच्चों को सबसे पहले संस्कार देती है और उनके व्यक्तित्व की नींव रखती है।
उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से शिक्षकों से संवाद करें तथा बच्चों को भी अपने शिक्षक और माता-पिता से खुलकर बात करने के लिए प्रेरित करें। संवादहीनता ही कई बार बच्चों को गलत दिशा में ले जाती है। इसका उदाहरण कोटा में होने वाली घटनाओं से मिलता है।
श्री देवनानी ने कहा कि आज का युग केवल पुस्तकीय ज्ञान का नहीं बल्कि कम्प्यूटर, कृत्रिम बुद्धिमता और आधुनिक तकनीक का है। इसके लिए बच्चों को भावना-विहीन शिक्षा से दूर रखते हुए संस्कार, नैतिकता और व्यवहारिक ज्ञान से युक्त शिक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि अब गार्गी, विद्यार्थियों की मेरिट के आधार पर मूल्यांकन होगा। बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए साइकिल वितरण जैसे कार्यक्रम लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने, नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनने और भारत को विश्व में अग्रणी बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी द्वारा बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल का वितरण किया गया तथा लाभान्वित विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, देहात अध्यक्ष श्री जीतमल प्रजापत, उपमहापौर नीरज जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी, संयुक्त निदेशक शिक्षा श्री महावीर कुमार शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री जगनारायण व्यास, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक श्रीमती ऊषा कछावा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक श्री गोविंद नारायण शर्मा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।