77वें गणतंत्र दिवस पर अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी का बड़ा ऐलान

अजमेर डेयरी में 6 लाख लीटर प्रतिदिन दूध संकलन का रिकॉर्ड, वेतन वृद्धि और नए प्लांट की सौगात
अजमेर, 26 जनवरी।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अजमेर दुग्ध संघ परिसर में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अजमेर डेयरी के अध्यक्ष श्री रामचन्द्र चौधरी ने ध्वजारोहण किया तथा दुग्ध उत्पादकों, कर्मचारियों एवं आमजन को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में श्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान में अजमेर डेयरी में 6 लाख लीटर प्रतिदिन दूध का संकलन हो रहा है, जो किसानों के विश्वास और संघ की मजबूत व्यवस्था का परिणाम है।
उन्होंने इस संबंध में सभी दुग्ध उत्पादक समितियों एवं बीएमसी समितियों से स्पष्ट रूप से कहा कि यदि दूध में मिलावट कोई भी कर रहा हो तो उसकी जानकारी तुरंत संघ को दी जाए। उन्होंने घोषणा की कि मिलावट की सूचना देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम दिया जाएगा, वहीं मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री चौधरी ने कहा कि दूध की शुद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ध्वजारोहण के बाद श्री चौधरी ने कई महत्वपूर्ण नई घोषणाएं कीं। उन्होंने अवगत कराया कि संचालक मंडल के निर्णय के अनुसार संघ के नियमित कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों के वेतन में ₹2000 प्रति माह की वृद्धि की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अजमेर डेयरी के नए प्लांट में सोलर सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे ऊर्जा व्यय में कमी आएगी। इसके साथ ही संघ में चीज प्लांट स्थापित करने की भी घोषणा की गई।
श्री चौधरी ने जानकारी दी कि वर्तमान में 30 मैट्रिक टन क्षमता के पाउडर प्लांट के अतिरिक्त 60 मैट्रिक टन पाउडर क्षमता का नया पाउडर प्लांट भी स्थापित किया जाएगा, जिससे संघ की प्रसंस्करण क्षमता बढ़ेगी।
उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान करते हुए कहा कि हर कर्मचारी को एक डेयरी बूथ की जिम्मेदारी लेनी होगी और उस बूथ की बिक्री को बढ़ाना होगा, ताकि अजमेर डेयरी के उत्पाद अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंच सकें।
इसके अतिरिक्त श्री चौधरी ने अवगत कराया कि महाकाल उज्जैन मंदिर में अजमेर दुग्ध संघ के वाइट बटर की बिक्री को लेकर वार्ता प्रगति पर है, जो सफल होने पर संघ के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।
अंत में श्री रामचन्द्र चौधरी ने संविधान के मूल्यों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान करते हुए सभी को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

error: Content is protected !!