जनगणना में आमजन को नहीं दिखाने होंगे दस्तावेज

केवल 33 सवालों पर आधारित होगी जानकारीः संभागीय आयुक्त

संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ ने लिया प्रशिक्षण का जायजा, कार्मिको के समर्पण को सराहा

     अजमेर, 17 फरवरी। देश की 16वीं और प्रथम डिजिटल जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ ने सिविल लाइन्स स्थित डिजाइन ईकोल महाविद्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने मास्टर ट्रेनर्स और प्रशिक्षणार्थियों से सीधा संवाद कर व्यवस्थाओं को परखा।

कागज दिखाने की जरूरत नहीं, केवल जानकारी दें

     संभागीय आयुक्त ने आमजन में विश्वास जगाने के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना को लेकर जनता में किसी भी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए। अन्य जिलों की तरह अजमेर में भी यह संदेश साफ जाना चाहिए कि प्रगणकों को कोई भी दस्तावेज जमा नहीं कराना है और न ही दिखाना है। नागरिकों को केवल 33 निर्धारित बिंदुओं पर मौखिक जानकारी देनी होगी।

मकान से मोबाइल तक पूछे जाएंगे सवाल

     प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि पहले चरण (मकान सूचीकरण) में 33 बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जाएगी। इसमें भवन संख्या, पीने के पानी का स्रोत, रसोई में ईधन एलपीजी/पीएनजी, शौचालय की सुविधा, और घर में उपलब्ध डिजिटल एसेट्स (लैपटॉप, मोबाइल, इंटरनेट) जैसी जानकारियां शामिल होंगी। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर भविष्य में सरकार की आवास और पेयजल जैसी योजनाएं बनेंगी।

विभागीय व्यस्तता के बीच राष्ट्र सेवा का जज्बा

     संभागीय आयुक्त ने क्लासरूम में मौजूद सभी नियमित सहायकों और कार्मिकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान में वित्तीय वर्ष की समाप्ति और अन्य विभागीय कार्यों की अत्यधिक व्यस्तता के बावजूद आप जिस निष्ठा से इस राष्ट्रीय महायज्ञ में अपनी भूमिका निभा रहे हैं. वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि एक सतर्क कार्मिक ही डेटा की शुद्धता की सबसे बड़ी गारंटी है।

मास्टर ट्रेनर्स ने समझाई तकनीकी बारीकियां

     सत्र में जयपुर निदेशालय से आए राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स श्री डी.आर. गांधी एवं श्री सतीश बसंदानी ने प्रतिभागियों को मोबाइल ऎप और सीएमएमएस पोर्टल पर डेटा एंट्री का लाइव डेमो दिया। उन्होंने बताया कि कैसे नजरी नक्शा बनाना है और ब्लॉक की सीमाओं का निर्धारण करना है ताकि एक भी घर गणना से न छूटे।

     इस अवसर पर संयुक्त निदेशक (आर्थिक एवं सांख्यिकी) श्री फूल सिंह ने प्रशिक्षण की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि जनगणना के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के कार्य को सावधानी पूर्वक, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध सफलतापूर्वक जनगणना निदेशालय से जारी दिशा-निर्देशों एवं मास्टर ट्रेनर्स के द्वारा दिये जा रहे प्रशिक्षण के अनुसार कार्य किया जायेगा। प्रशिक्षण कार्य का संचालन श्री अमृतलाल खटीक सहायक निदेशक के द्वारा किया गया।

error: Content is protected !!