ब्यावर। ईराक-ईरान युद्ध का असर अब भारत में भी दिखने लगा है। गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ता परेशान हैं। ब्यावर शहर में गैस कंपनियां मनमानी कर सरकार के आदेश नहीं मान रही। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा था कि गैस बुकिंग के लिए पिछली सप्लाई के बाद ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन और शहरी क्षेत्र में 25 दिन बाद गैस सिलेंडर दिया जाए। लेकिन ब्यावर में सरकार के आदेशों की अवहेलना हो रही है। इसे लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुमित सारस्वत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजा है। सीएम को बताया कि जिला मुख्यालय और शहरी क्षेत्र होने के बावजूद ब्यावर में 45 दिन बाद की बुकिंग हो रही है, जिससे जनता में असंतोष व्याप्त है। गैस कंपनियों की इस मनमानी के कारण सरकार की साख पर भी विपरित असर होगा। पत्र के जरिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और ब्यावर जिला प्रशासन को निर्देशित कर ब्यावर शहर में भी 25 दिन की बुकिंग व्यवस्था सुचारू की जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।