अजमेर में “युवा उद्यमिता यात्रा” का भव्य शुभारम्भ आज

आत्मनिर्भर भारत की ओर युवाओं को मिलेगा नया मार्गदर्शन
स्टार्टअप, स्वरोजगार और स्वदेशी उद्योगों के लिए मिलेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन, 10 जिलों तक पहुंचेगी पहल

अजमेर, 24 मार्च।
स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वदेशी स्वावलंबी भारत अभियान (MySBA) के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं को आत्मनिर्भरता, स्टार्टअप और स्वदेशी उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करने हेतु “युवा उद्यमिता यात्रा” का भव्य शुभारंभ 25 मार्च 2026 को अजमेर में किया जाएगा। यह आयोजन स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन एवं महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (MDSU), अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में सेंट स्टीफन कॉलेज, किशनगढ़ के सहयोग से विश्वविद्यालय के स्वराज सभागार में दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का संचालन CHARGE (चोयल हब फॉर एग्रीबिजनेस रिसर्च, ग्रोथ एंड एंटरप्रेन्योरशिप) द्वारा किया जाएगा,

कुलगुरु प्रो सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि “युवा उद्यमिता यात्रा” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए एक सशक्त मंच है, जहां उन्हें एक विचार से व्यवसाय स्थापित करने तक की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा। इस पहल के माध्यम से युवाओं को नए व्यावसायिक अवसरों, कौशल विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता के लिए प्रभावी मार्गदर्शन मिलेगा। यह यात्रा राजस्थान के 10 जिलों में आयोजित की जाएगी, जिसमें युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों और महिला उद्यमियों को स्टार्टअप, स्वरोजगार एवं स्वदेशी उद्योगों से जुड़ी संभावनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही, सफल उद्यमियों के अनुभव, मेंटरशिप और व्यावहारिक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष माननीय श्री वासुदेव देवनानी उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रीय स्तर के स्वदेशी विचारक श्री सतीश कुमार विशिष्ट मार्गदर्शक के रूप में तथा चिंतक माननीय श्री निम्बाराम मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल द्वारा की जाएगी।

इस अवसर पर श्री आर. एस. चोयल (अखिल भारतीय आईटी प्रमुख – MySBA एवं निदेशक – स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन) “युवा उद्यमिता यात्रा” का परिचय देते हुए उद्यमिता पर विशेष मार्गदर्शन देंगे।

तकनीकी सत्र में उद्यमिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी। श्री आर. एस. चोयल “उद्यमिता – प्रगति की ओर” विषय पर प्रस्तुति देंगे, जबकि श्री नवनीत अग्रवाल (रीजनल डायरेक्टर – ट्रेड प्रमोशन, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, जयपुर) MSME एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे। इसके साथ ही एक इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवा विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर सकेंगे।

कार्यक्रम में प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, युवा उद्यमी, विशेषज्ञ और मार्गदर्शक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्टार्टअप, स्वरोजगार और स्वदेशी उद्योगों की दिशा में प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें व्यावहारिक एवं प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान किया जायेगा |

error: Content is protected !!