अजमेर स्टेशन पर सेफ्टी सेमिनार का आयोजन, ‘संरक्षा सभा/ परामर्श (काउंसलिंग) कक्ष’ का भी शुभारंभ

उत्तर पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल पर रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच सुरक्षा (सेफ्टी) के संबंध में जागरूकता बढ़ाने और परिचालन संबंधी चर्चा करने के उद्देश्य से एक सेफ्टी सेमिनार का आयोजन अजमेर स्टेशन पर किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में आयोजित इस सेफ्टी सेमिनार में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती भारती भारद्वाज सहित मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

मंडल पर रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए ‘संरक्षा संवाद’ का आयोजन किया गया। इसमें मानवीय भूलों को कम करने, ट्रैक सुरक्षा, और सिग्नल प्रणालियों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया गया। सेमिनार के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों के सुझाव सुने गए और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

अजमेर स्टेशन पर ‘संरक्षा सभा / परामर्श (काउंसलिंग) कक्ष’ का उद्घाटन

उत्तर-पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल द्वारा रेल परिचालन में सुरक्षा और कुशलता सुनिश्चित करने की दिशा में आज एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने आज अजमेर रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित ‘संरक्षा सभा / परामर्श (काउंसलिंग) कक्ष’ का विधिवत उद्घाटन किया।

इस विशेष कक्ष का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों को संरक्षा नियमों के प्रति निरंतर जागरूक करना और उन्हें तनावमुक्त वातावरण में परामर्श (कॉउंसलिंग) प्रदान करना है। सुरक्षित गाड़ी संचालन सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को नियमों के बारे में समय-समय पर ‘अद्यतन’ (अपडेट) करने हेतु यह एक समर्पित केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा नें उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे में ‘संरक्षा’ सर्वोपरि है। कर्मचारियों के साथ सीधा संवाद और उन्हें उचित परामर्श देने से मानवीय भूलों की संभावना कम होगी, जिससे रेल यात्रा और अधिक सुरक्षित बनेगी।

error: Content is protected !!