अजमेर, 27 अप्रेल। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा डिप्टी कमांडेंट (गृह रक्षा विभाग) भर्ती-2025 की काउंसलिंग हेतु प्रदत्त अवसरों पर भी अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर दिया गया है।
आयोग सचिव ने बताया कि इस भर्ती के लिए 11 जनवरी 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसके बाद अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए आमंत्रित किया गया था। 15 से 20 अप्रेल तक चली इस काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को इस हेतु पुनः अवसर देते हुए 24 अप्रेल 2026 को आमंत्रित किया गया था। उक्त अवसरों के उपरांत भी 171 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जिनकी सूची आयोग वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इन सभी अनुपस्थित अभ्यर्थियों को पात्रता जांच के संबंध में अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। पात्रता जांच हेतु संबंधित अभ्यर्थियों को 1 मई 2026 को सुबह 9:30 बजे अनिवार्य रूप से राजस्थान लोक सेवा आयोग में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट से विस्तृत आवेदन पत्र और जरूरी दिशा-निर्देश डाउनलोड कर उनकी दो प्रतियों को पूर्ण रूप से भरकर साथ लाना होगा।
इसके साथ ही सभी शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक दस्तावेज, कैप्टन पद से सेवानिवृत्ति या सेवात्याग का प्रमाण पत्र, पीपीओ, जाति प्रमाण पत्र, मूल-निवास और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियों का एक सेट और सभी मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य है। इसके बाद काउंसलिंग के लिए कोई अन्य मौका नहीं दिया जाएगा और अनुपस्थित रहने पर इसकी समस्त जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी।