49.88 लाख रुपये की लागत से आदर्शनगर बालिका विद्यालय में बनेंगे नए कक्षा कक्ष-भदेल

काम दिखता हैतभी तो विश्वास टिकता है”-भदेल

     अजमेर, 5 मई। अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल द्वारा मंगलवार को अपने क्षेत्र में शैक्षणिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा अग्रसर होते हुए राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, आदर्शनगर, अजमेर में दो नए कमरों के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। यह कार्य डिस्टि्रक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट, अजमेर के फण्ड से स्वीकृत करवाया गया। जिस पर कुल 49.88 लाख रुपये व्यय किए जाएगे। इस कार्य का क्रियान्वयन अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है।

     शिलान्यास के दौरान विधायक भदेल ने क्षेत्रवासियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला होती है। उन्होंने बताया कि राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, आदर्शनगर में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बालिकाएं अध्ययन हेतु आती हैं। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या के अनुपात में विद्यालय में कक्षा-कक्षों की कमी महसूस की जा रही थी, जिससे अध्यन व अध्यापन की व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इस आवश्यकता को पूरा करने हेतु दो नए कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य एवं मरम्मत कार्य करवाये जा रहे है। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य भी साथ में होने से नए सत्र में विद्यालय भवन नए स्वरूप में दिखाई देगा।

     विधायक भदेल ने कहा कि नए कक्षों के निर्माण से विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा तथा शिक्षकों को भी शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित करने में सुविधा होगी। इससे न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा। विधायक भदेल आश्वासन दिया कि इस विद्यालय के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी और आवश्यकतानुसार भविष्य में भी विकास कार्य करवाए जाते रहेंगे।

     उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार द्वारा विकास कार्यों को गति देने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। राज्य एवं केंद्र सरकार के समन्वय से विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है और किसी भी कार्य के क्रियान्वयन में आने वाली अनावश्यक बाधाएं दूर किया जा रही हैं। विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है।

स्क्रीन समय को कम करें विद्यार्थी-भदेल

     विधायक भदेल ने अपने सम्बोधन में कहा कि छात्राएं देश के भविष्य की धुरी हैं और उनके कंधों पर राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं को अपने अध्ययन के प्रति गंभीर रहने और समय का सदुपयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग किया जा रहा है, जो एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है, इसलिए विद्यार्थियों को चाहिए कि वे मोबाइल का उपयोग केवल अध्ययन से संबंधित जानकारी प्राप्त करने तक ही सीमित रखें और अनावश्यक स्क्रीन पर अपना बहुमूल्य समय नष्ट नहीं करें।

     विधायक ने छात्राओं को यह भी सलाह दी कि वे केवल पढ़ाई तक ही सीमित न रहें, बल्कि अपने शारीरिक स्वास्थ्य पर भी समान रूप से ध्यान दें। उन्होंने योग एवं व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने को कहा और बताया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। शारीरिक रूप से सशक्त छात्राएं ही मानसिक रूप से भी सुदृढ़ बनती हैं और जीवन की चुनौतियों का सामना बेहतर ढंग से कर पाती हैं।

     उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि यदि वे लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करें, तो कोई भी उपलब्धि असंभव नहीं है। शिक्षा के माध्यम से ही महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभा सकती हैं।

     कार्यक्रम के दौरान उपस्थित क्षेत्रवासियों एवं अभिभावकों ने विधायक भदेल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विकास कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा का स्तर मजबूत होगा और बालिकाओं को बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेगें।

15 करोड़ की लागत से अजमेर दक्षिण के विद्यालयों व आंगनबाड़ी केन्द्रो का होगा सुदृढ़ीकरण-भदेल

     विधायक भदेल द्वारा अवगत करवाया गया कि अजमेर दक्षिण के लगभग समस्त राजकीय विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में 15 करोड़ की लागत से निर्माण एवं मरम्मत कार्य करवाए जायेगा। शिक्षा एवं बाल विकास को मजबूत करने की दिशा में निरंतर महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों का उद्देश्य क्षेत्र में शिक्षा एवं पोषण संबंधी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाना तथा भावी पीढ़ी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। विद्यालय शिक्षा के मंदिर होते हैं, जहां से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जाती है। यही कारण है कि विद्यालयों का समुचित विकास अत्यंत आवश्यक है। विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों का विकास भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। आंगनबाड़ी केंद्र समाज की बुनियादी स्वास्थ्य एवं पोषण व्यवस्था का मुख्य केन्द्र हैं। यहां महिलाओं, गर्भवती माताओं तथा नवजात शिशुओं को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। आगामी दिनाें में रा.बा.उ.मा.वि. अजयनगर, अजमेर, महात्मा गांधी रा.वि. अर्जुनलाल सेठी नगर, रा.उ.मा.वि. माखुपुरा, रा.उ.मा.वि. खानपुरा, रा.उ.मा.वि. कल्याणीपुरा, नवीन गुलाबबाड़ी, महात्मा गांधी रा.वि. गुलाबबाड़ी, महात्मा गांधी रा.उ.मा.वि. श्रीनगर रोड, रा.उ.मा.वि. तोपदड़ा, रा.उ.मा.वि. बालूपुरा, आदर्शनगर, रा.उ.प्रा.वि. जोंसगज, रा.बा.उ.मा.वि. यूआईटी कॉलोनी, फरीदाबाद पृथ्वीराज नगर में आंगनबाड़ी के नए भवन का निर्माण, महात्मा गांधी स्कूल भवन डी.ओ.आफिस के पास तोपदड़ा के परिसर में आंगनबाड़ी के नए भवन के निर्माण का शिलान्यास किया जायेगा।

     इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह जादोन्न, जिला महामंत्री राजेश घाटे, आदर्श मंडल अध्यक्ष हितेश डाबरिया, मंडल महामंत्री रोमेश मिश्रा, सुरेंद्र वर्णवाल,पूर्व पार्षद देवेंद्र सिंह शेखावत, जिला शिक्षा अधिकारी दर्शना शर्मा, प्रधानाचार्य मीनू इन्द्रा, अर्पण चौधरी, उधोगपति गोपाल चोयल, राजेश शर्मा, सीमा गोस्वामी, काजल जेठवानी, मंजू शर्मा, रीना कुशवाहा, विजेंद्र बुंदवाल, बलवीर, प्रकाश कुमावत, अशोक डाबरिया, विनीता शर्मा, सीमा आचार्य, किरण खंडेलवाल, अमन,नोरत रैगर, रितेश जाटव, संजय शर्मा, अतुल सोमानी, उत्कर्ष शर्मा, पतराम यादव, राजश्री, रामनिवास आनन्द भडाना, दिनेश जैन सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!