आरकेट जागरूकता सत्र में विद्यार्थियों को उन्नत आईटी कोर्सेज से जोड़ने पर जोर

अजमेर, 5 मई। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अंतर्गत संचालित राजस्थान सेंटर ऑफ एडवांस्ड टेक्नोलॉजी (आरकेट) द्वारा आर्यन महाविद्यालय में “आरकेट परिचय एवं जागरूकता सत्र” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी पाठ्यक्रमों एवं रोजगारपरक अवसरों से अवगत कराना रहा।

इस अवसर पर आरकेट अजमेर डिविजन के कोऑर्डिनेटर गनुज सोनी ने विद्यार्थियों को आरकेट द्वारा संचालित विभिन्न कोर्सेज की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, एआर/वीआर, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी तथा इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर छात्र-छात्राएं भविष्य में बेहतर करियर विकल्प हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने आरकेट द्वारा आयोजित ‘क्विज-ए-थॉन’ (छात्रवृत्ति परीक्षा) के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस परीक्षा के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अपनी तकनीकी शिक्षा को और सशक्त बना सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रेनुका ने राज्य सरकार के रोजगारोन्मुखी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऎसे कौशल आधारित कोर्सेज विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और कंप्यूटर क्षेत्र में जॉब-ओरिएंटेड स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देते हैं। सत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आधुनिक तकनीकी शिक्षा के प्रति अपनी रुचि प्रदर्शित की।

 

error: Content is protected !!