14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए निःशुल्क टीकाकरण अभियान जारी

अजमेर, 9 मई। बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है।

     जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पुत्रियों का समय पर टीकाकरण करवाकर उन्हें सुरक्षित भविष्य प्रदान करें।

     उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद दूसरा सबसे सामान्य कैंसर है। विश्व स्तर पर इसके 99 प्रतिशत से अधिक मामले ह्यूमन पैपिलोमा वायरस एचपीवी संक्रमण के कारण होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यह एकमात्र ऎसा कैंसर है जिसे सही आयु में एचपीवी वैक्सीनेशन द्वारा प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।

     उन्होंने बताया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है तथा विश्व के 164 देशों में सफलतापूर्वक लागू किया जा चुका है। जिले में टीकाकरण कार्य सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में किया जा रहा है।

     जिला कलक्टर ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अपनी 14 से 15 वर्ष तक की पुत्रियों का नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पंजीकरण करवाकर टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने टीकाकरण उपरांत प्रमाण पत्र प्राप्त करने की भी सलाह दी।

error: Content is protected !!